Food Storage Tips: गर्मियों में ऐसे रखें खाना ताजा और सुरक्षित

 

गर्मियों का मौसम आते ही खाने-पीने की चीजों को सुरक्षित रखना एक बड़ी चुनौती बन जाता है. तेज गर्मी और नमी के कारण खाना जल्दी खराब होने लगता है, जिससे फूड प्वाइजनिंग, डायरिया और पेट से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में सही फूड स्टोरेज सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि अच्छी सेहत के लिए बेहद जरूरी है. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि थोड़ी सी सावधानी और सही तरीकों को अपनाकर खाने को लंबे समय तक ताजा और सुरक्षित रखा जा सकता है.

गर्मियों में खाना जल्दी क्यों खराब होता है?

गर्मी के मौसम में बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं, जिससे खाने में टॉक्सिन बनने लगते हैं. ज्यादा तापमान के कारण खाने में मौजूद फैट जल्दी खराब हो जाते हैं और बदबू आने लगती है. दूध, दाल और मांस जैसे प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों में ब्रेकडाउन तेजी से होता है. साथ ही, नमी के कारण फंगस और यीस्ट भी जल्दी पनपते हैं। बार-बार खाने को बाहर निकालना और फिर फ्रिज में रखना भी इसे जल्दी खराब कर देता है.

खाना स्टोर करने के 10 जरूरी टिप्स

1. सही तापमान बनाए रखें
फ्रिज का तापमान 1 से 4 डिग्री सेल्सियस और फ्रीजर -18 डिग्री के आसपास रखें.

2. एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें
खाने को हमेशा ढककर या एयरटाइट कंटेनर में रखें, ताकि वह जल्दी खराब न हो.

3. समय पर फ्रिज में रखें
खाना बनने के 2 घंटे के अंदर फ्रिज में रखें और पहले उसे सामान्य तापमान पर ठंडा कर लें.

4. ताजा और बासी खाना अलग रखें
पुराने और नए खाने को एक साथ रखने से खराब होने का खतरा बढ़ता है.

5. फल-सब्जियों का सही स्टोरेज
हरी सब्जियों को धोकर सुखाएं और पेपर टॉवल में लपेटकर रखें. कटे फल तुरंत खाएं या टाइट बॉक्स में रखें.

6. जड़ वाली सब्जियां बाहर रखें
आलू, प्याज और लहसुन को ठंडी और सूखी जगह पर रखें, फ्रिज में नहीं.

7. नॉनवेज अलग रखें
मांस, मछली और अंडे को अलग कंटेनर में रखें, ताकि संक्रमण न फैले.

8. बार-बार गर्म न करें
खाने को बार-बार गर्म करने से उसकी क्वालिटी और सेफ्टी दोनों प्रभावित होती हैं.

9. फ्रिज की सफाई रखें
हफ्ते में एक बार फ्रिज साफ करें, ताकि बैक्टीरिया न पनपें.

10. क्रॉस-कंटैमिनेशन से बचें
कच्चे और पके खाने को अलग रखें और साफ बर्तनों का इस्तेमाल करें.

गर्मियों में सही फूड स्टोरेज अपनाकर न सिर्फ खाने को ताजा रखा जा सकता है, बल्कि कई बीमारियों से भी बचाव संभव है. थोड़ी सी सावधानी आपके और आपके परिवार की सेहत को सुरक्षित रख सकती है.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.