Holi 2026 Special: इस होली घर पर बनाएं हलवाई स्टाइल टेस्टी गुजिया, जानें आसान रेसिपी

होली रंगों, खुशियों और मिठास का त्योहार है. जैसे ही फाल्गुन का महीना आता है, घर-घर में होली की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. भारत में होली का जश्न स्वादिष्ट पकवानों के बिना अधूरा माना जाता है और जब मिठाइयों की बात होती है, तो गुजिया का नाम सबसे पहले लिया जाता है. होली के मौके पर गुजिया बनाना केवल एक रेसिपी नहीं, बल्कि एक परंपरा है, जो पीढ़ियों से चली आ रही है.

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में समय की कमी के कारण कई लोग बाजार से गुजिया खरीद लेते हैं, लेकिन बाजार की गुजिया में न तो घर जैसा स्वाद होता है और न ही शुद्धता . कई बार इनमें ज्यादा चीनी, घटिया मावा और मिलावटी सामग्री का इस्तेमाल होता है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. ऐसे में अगर आप इस होली 2026 पर अपने परिवार के लिए घर पर ही हलवाई स्टाइल खस्ता और चाशनी वाली गुजिया बनाना चाहती हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके बहुत काम आएगी.


 घर पर गुजिया बनाने की सिंपल रेसिपी

1. आटा तैयार करने का तरीका

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा लें और उसमें आधा कप घी डालें. घी और मैदा को अच्छी तरह मिक्स करें, ताकि मुट्ठी में दबाने पर मिश्रण बंध जाए. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटे को ढककर करीब 30 मिनट के लिए रख दें.इससे गुजिया ज्यादा खस्ता बनती है.

2. स्वादिष्ट स्टफिंग कैसे बनाएं

एक कढ़ाई में मावा डालकर धीमी आंच पर हल्का सा भून लें. ध्यान रखें कि मावा जले नहीं, बस उसका रंग हल्का बदल जाए। मावा ठंडा होने पर उसमें पिसी चीनी, इलायची पाउडर और कटे हुए बादाम मिला दें। अच्छी तरह मिलाने के बाद आपकी गुजिया की स्टफिंग तैयार है.

3. गुजिया भरने की सही विधि

अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें पूरी की तरह बेल लें. बीच में एक चम्मच स्टफिंग रखें. किनारों पर हल्का पानी लगाकर गुजिया को मोड़ें और अच्छी तरह बंद कर दें। आप चाहें तो कांटे या कटर से किनारों को सुंदर डिजाइन दे सकती हैं.

4. गुजिया तलने का सही तरीका

मोटी तली वाली कढ़ाई में घी या तेल को मीडियम आंच पर गर्म करें. तेल बहुत ज्यादा गर्म न हो. गुजिया डालकर धीमी आंच पर 7–10 मिनट तक तलें.जब गुजिया सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तो निकाल लें.

चाशनी वाली गुजिया बनाने का तरीका

अगर आप हलवाई जैसी चाशनी वाली गुजिया बनाना चाहती हैं, तो एक कप चीनी और आधा कप पानी से एक तार की चाशनी तैयार करें. तली हुई गर्म गुजिया को 2–3 मिनट के लिए चाशनी में डालकर निकाल लें. ठंडी होने पर ऊपर चीनी की हल्की परत जम जाएगी.

इस तरह आसान विधि से तैयार की गई घर की बनी गुजिया न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होती है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी सुरक्षित रहती है.इस होली अपने परिवार और मेहमानों को बाजार की मिठाइयों की जगह प्यार और शुद्धता से बनी गुजिया खिलाएं और रंगों के इस त्योहार को मिठास के साथ और भी यादगार बनाएं.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.