नौतपा में क्या न खाएं: बर्गर-पिज्जा से लेकर कोल्ड ड्रिंक तक इन चीजों से रहें दूर
नौतपा की शुरुआत होते ही गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है। तेज धूप, गर्म हवाएं और बढ़ता तापमान शरीर को तेजी से थका देता है. इस दौरान गलत खानपान से डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, उल्टी, दस्त और कमजोरी जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए नौतपा में खानपान को लेकर विशेष सावधानी बरतना जरूरी है, क्योंकि कुछ चीजें शरीर की गर्मी और परेशानी को और बढ़ा सकती हैं.
तली-भुनी और भारी चीजों से दूरी
इस मौसम में बर्गर, पिज्जा, फ्रेंच फ्राइज और अन्य ऑयली फूड्स से बचना चाहिए. ये चीजें पचने में भारी होती हैं और शरीर को इन्हें पचाने में अधिक ऊर्जा लगानी पड़ती है, जिससे शरीर का तापमान बढ़ सकता है. इसके अलावा ज्यादा मसालेदार भोजन भी नुकसानदायक हो सकता है, क्योंकि मिर्च और मसाले शरीर में गर्मी पैदा करते हैं. रेड मीट भी इस दौरान कम करने की सलाह दी जाती है, क्योंकि इसे पचाने में शरीर ज्यादा मेहनत करता है.
ठंडे और कैफीन वाले पेय से सावधान रहें
कोल्ड ड्रिंक और सोडा भले ही राहत दें, लेकिन इनमें मौजूद अधिक शुगर शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकती है। चाय, कॉफी और एनर्जी ड्रिंक्स में मौजूद कैफीन शरीर को डिहाइड्रेट करता है और शरीर का तापमान भी बढ़ा सकता है. इसलिए इनका सेवन सीमित करना जरूरी है.
पैकेज्ड स्नैक्स और नमकीन से बचाव
ज्यादा नमक वाले पैकेज्ड स्नैक्स जैसे चिप्स और नमकीन शरीर के फ्लूइड बैलेंस को बिगाड़ देते हैं. अधिक सोडियम शरीर की कोशिकाओं से पानी खींच लेता है, जिससे डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। यह गर्मी में शरीर को और कमजोर बना सकता है.
बासी और खुला खाना न खाएं
गर्मी में बासी और खुले में रखा भोजन जल्दी खराब हो जाता है, जिससे फूड पॉइजनिंग, दस्त और टायफाइड जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसके अलावा बहुत ज्यादा बर्फ वाली चीजें भी शरीर को अचानक ठंडा करके नुकसान पहुंचा सकती हैं. शराब भी शरीर से पानी तेजी से निकालती है, जिससे गंभीर डिहाइड्रेशन हो सकता है.
क्या खाएं इस दौरान
नौतपा में शरीर को हाइड्रेट और ठंडा रखना जरूरी है. इसके लिए नारियल पानी, छाछ, लस्सी, सत्तू, बेल का शरबत और ताजे फलों का सेवन फायदेमंद माना जाता है. पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और हल्का भोजन करना इस मौसम में सबसे सही तरीका है.
No Previous Comments found.