चाय और सेहत: उम्र के हिसाब से कितनी चाय है सही? जानें पूरा हिसाब-किताब

भारत में चाय सिर्फ एक ड्रिंक नहीं, बल्कि दिन की शुरुआत और दिनभर की थकान मिटाने का जरिया मानी जाती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा चाय पीना धीरे-धीरे सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है? उम्र, हेल्थ कंडीशन और लाइफस्टाइल के हिसाब से चाय की सही मात्रा जानना बेहद जरूरी है ताकि फायदे के बजाय नुकसान न होने लगे.

चाय में मौजूद हेल्दी और नुकसानदायक तत्व

हेल्थ से जुड़ी जानकारी देने वाली वेबसाइट Healthline के अनुसार, चाय में मौजूद कैफीन और अन्य कंपाउंड्स शरीर को एनर्जी देते हैं, लेकिन अधिक मात्रा में यह नुकसान भी पहुंचा सकते हैं. खासकर ग्रीन टी को हेल्दी विकल्प माना जाता है क्योंकि इसमें कैटेचिन नाम के एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो हार्ट डिजीज, टाइप-2 डायबिटीज और कुछ कैंसर के खतरे को कम करने में मदद कर सकते हैं. रिसर्च के मुताबिक ग्रीन टी मेटाबॉलिज्म बढ़ाने और फैट बर्निंग में भी सहायक होती है.

उम्र के हिसाब से कितनी चाय है सही?

एक्सपर्ट्स के अनुसार चाय की सही मात्रा उम्र और शरीर की जरूरत पर निर्भर करती है. किशोरों और युवाओं को दिन में 1 से 2 कप कैफीन वाली चाय तक सीमित रहना चाहिए. वहीं स्वस्थ वयस्कों के लिए 3 से 5 कप ग्रीन टी तक सुरक्षित और फायदेमंद मानी जाती है. कई स्टडीज में यह मात्रा हेल्थ बेनिफिट्स के लिए उपयुक्त पाई गई है. हालांकि हर व्यक्ति की सहनशीलता अलग होती है.

ज्यादा चाय पीने के नुकसान

जरूरत से ज्यादा चाय पीने से शरीर पर कई दुष्प्रभाव हो सकते हैं. अधिक कैफीन लेने से बेचैनी, नींद की कमी, सिरदर्द, पेट की समस्या और एंग्जायटी जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं. गर्भवती महिलाओं को खासतौर पर कैफीन सीमित मात्रा में लेने की सलाह दी जाती है क्योंकि यह गर्भावस्था में जोखिम बढ़ा सकता है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक पूरे दिन में 300 मिलीग्राम से ज्यादा कैफीन नहीं लेना चाहिए.

चाय पीने का सही समय और सावधानियां

हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार चाय पीने का समय भी बहुत महत्वपूर्ण है. खाली पेट चाय पीने से एसिडिटी और डाइजेशन की समस्या हो सकती है. वहीं खाने के तुरंत बाद चाय पीने से शरीर में आयरन का अवशोषण कम हो सकता है. डॉक्टर सलाह देते हैं कि चाय पूरी तरह छोड़ने की जरूरत नहीं है, लेकिन इसकी मात्रा और सही समय का ध्यान रखना जरूरी है ताकि सेहत पर कोई नकारात्मक असर न पड़े.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.