ज्यादा गुस्सा क्यों आता है? जानें शरीर और दिमाग में क्या होता है
कुछ लोग बेहद शांत स्वभाव के होते हैं, जबकि कुछ लोग छोटी-छोटी बातों पर भी बहुत जल्दी गुस्सा हो जाते हैं. यह केवल एक आदत नहीं है, बल्कि इसके पीछे दिमाग और शरीर की जटिल प्रक्रिया जिम्मेदार होती है. जब गुस्सा आता है, तो शरीर में हार्मोन और ब्रेन एक्टिविटी तेजी से बदल जाती है, जिससे इंसान का व्यवहार अचानक बदल जाता है.
दिमाग का एमिग्डाला कैसे करता है कंट्रोल
हमारे दिमाग में एमिग्डाला (Amygdala) नाम का एक छोटा सा हिस्सा होता है, जिसे खतरे का अलार्म भी कहा जाता है. जब कोई बात हमें बुरी लगती है या खतरे जैसी महसूस होती है, तो यह तुरंत एक्टिव हो जाता है। ज्यादा गुस्सा करने वाले लोगों में यह हिस्सा अधिक सक्रिय होता है, जिससे दिमाग का सोचने वाला हिस्सा कमजोर पड़ जाता है और व्यक्ति बिना सोचे-समझे प्रतिक्रिया देने लगता है.
गुस्से के दौरान शरीर में क्या होता है?
जैसे ही एमिग्डाला सक्रिय होता है, शरीर में एड्रेनालिन और कोर्टिसोल जैसे स्ट्रेस हार्मोन रिलीज होने लगते हैं. इसके कारण शरीर में कई बदलाव होते हैं। दिल की धड़कन तेज हो जाती है, ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ जाता है और मांसपेशियां खिंच जाती हैं. सांसें तेज और उथली हो जाती हैं. साथ ही चेहरे और हाथों में रक्त प्रवाह बढ़ने से चेहरा लाल दिखाई देने लगता है.
क्या ज्यादा गुस्सा खतरनाक हो सकता है?
बार-बार और अत्यधिक गुस्सा आना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. लगातार तनाव की स्थिति में रहने से दिल का दौरा, ब्रेन स्ट्रोक और अनिद्रा जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है. कई बार मानसिक तनाव, डिप्रेशन और नींद की कमी भी ज्यादा गुस्से का कारण बनते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है.
गुस्से को कैसे करें कंट्रोल?
गुस्से को नियंत्रित करना मुश्किल नहीं है. जब भी गुस्सा आए, तो गहरी सांसें लेना शुरू करें और 1 से 10 तक उल्टी गिनती गिनें. थोड़ी देर के लिए उस जगह से हट जाना भी मदद करता है. ठंडा पानी पीने से मन शांत होता है. नियमित योग और ध्यान करने से दिमाग शांत रहता है और एमिग्डाला पर नियंत्रण बेहतर होता है, जिससे गुस्सा धीरे-धीरे कम होने लगता है.
No Previous Comments found.