Childhood Trauma: बचपन की तकलीफें कैसे बन सकती हैं गंभीर बीमारियों की वजह?

बचपन सिर्फ यादों का हिस्सा नहीं होता, बल्कि यह हमारे पूरे जीवन की सेहत और मानसिक स्थिति को गहराई से प्रभावित करता है. हाल ही में सामने आई रिसर्च और विशेषज्ञों के अनुसार बचपन में झेला गया डर, हिंसा, उपेक्षा या भावनात्मक अस्थिरता आगे चलकर शरीर और दिमाग दोनों पर गंभीर असर डाल सकता है। यही वजह है कि कई लोग लंबे समय तक माइग्रेन, एंग्जायटी या अन्य शारीरिक समस्याओं से जूझते रहते हैं, लेकिन उनकी असली जड़ समझ नहीं पाते.

बचपन का ट्रॉमा और शरीर पर असर

विशेषज्ञों के अनुसार, जब कोई बच्चा लगातार तनाव, डर या असुरक्षा में रहता है तो उसका शरीर “फाइट या फ्लाइट” मोड में रहने लगता है. इस स्थिति में स्ट्रेस हार्मोन लगातार सक्रिय रहते हैं, जिससे शरीर की सामान्य कार्यप्रणाली प्रभावित होती है. समय के साथ यह स्थिति कई बीमारियों का कारण बन सकती है, जैसे हाई ब्लड प्रेशर, नींद की समस्या, मोटापा, डिप्रेशन और इम्यून सिस्टम की कमजोरी.

माइग्रेन से लेकर क्रॉनिक बीमारियों तक

कई मरीज ऐसे होते हैं जिनकी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आती है, लेकिन वे लगातार सिर दर्द, पेट की समस्या, थकान या एंग्जायटी जैसी परेशानियों से गुजरते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि इन समस्याओं की जड़ कई बार बचपन के अनुभवों में छिपी होती है। लंबे समय तक मानसिक तनाव शरीर पर गहरा असर डालता है, जो आगे चलकर क्रॉनिक बीमारियों का रूप ले सकता है.

रिसर्च क्या कहती है?

अमेरिका में की गई ACE (Adverse Childhood Experiences) स्टडी में हजारों लोगों पर शोध किया गया. इसमें पाया गया कि जिन लोगों ने बचपन में हिंसा, उपेक्षा या पारिवारिक तनाव झेला था, उनमें वयस्क होने पर गंभीर बीमारियों का खतरा अधिक था. इसी तरह JAMA Pediatrics में प्रकाशित एक रिसर्च में भी बचपन के ट्रॉमा और ऑटोइम्यून बीमारियों के बीच संबंध पाया गया.

आज की आधुनिक चिकित्सा यह मानने लगी है कि बचपन का ट्रॉमा सिर्फ मानसिक समस्या नहीं, बल्कि एक बायोलॉजिकल असर है जो शरीर की पूरी प्रणाली को प्रभावित कर सकता है. इसलिए मानसिक स्वास्थ्य को समझना और समय रहते मदद लेना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारियों के खतरे को कम किया जा सके.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.