ऑस्ट्रेलिया में होटल का खर्च: एक सप्ताह रुकने के लिए कितना बजट रखें? जानिए पूरी जानकारी
ऑस्ट्रेलिया दुनिया के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है और यहां घूमने का सपना कई लोग देखते हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन देशों के दौरे के दौरान ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद इस देश को लेकर लोगों की दिलचस्पी और बढ़ गई है। हालांकि, विदेश यात्रा की योजना बनाते समय सबसे बड़ा सवाल रहने और होटल के खर्च का होता है। अगर आप भी ऑस्ट्रेलिया में एक सप्ताह बिताने की योजना बना रहे हैं, तो पहले वहां के होटल के किराए और रहने के बजट को समझ लेना जरूरी है। होटल की कीमत शहर, लोकेशन और होटल की कैटेगरी के अनुसार अलग-अलग होती है।
कम बजट वालों के लिए सबसे सस्ते विकल्प
अगर आपका बजट सीमित है, तो हॉस्टल और बजट होटल सबसे किफायती विकल्प माने जाते हैं। यहां डॉर्म बेड या बेसिक रूम का किराया लगभग 2,500 से 4,500 रुपये प्रति रात तक होता है। वहीं, कई हॉस्टल में प्राइवेट रूम की सुविधा भी उपलब्ध होती है, जिसका किराया करीब 4,500 से 6,200 रुपये प्रति रात तक पहुंच सकता है। अकेले यात्रा करने वाले या कम बजट में घूमने की योजना बनाने वाले लोगों के लिए यह विकल्प काफी सुविधाजनक माना जाता है।
मिड-रेंज होटल: परिवारों की पहली पसंद
ज्यादातर भारतीय परिवार मिड-रेंज होटलों को प्राथमिकता देते हैं। इन होटलों में एक रात रुकने का खर्च आमतौर पर 7,000 से 12,000 रुपये के बीच होता है। कई मिड-रेंज होटल और सर्विस अपार्टमेंट में किचनेट की सुविधा भी मिलती है, जहां यात्री खुद चाय, नाश्ता या हल्का भोजन तैयार कर सकते हैं। इससे बाहर खाने का खर्च काफी हद तक कम हो जाता है और यात्रा का कुल बजट भी नियंत्रित रहता है।
लग्जरी होटल में कितना आएगा खर्च?
अगर आप प्रीमियम सुविधाओं के साथ लग्जरी होटल में ठहरना चाहते हैं, तो इसके लिए अधिक बजट रखना होगा। ऐसे होटलों का किराया 15,000 रुपये प्रति रात से शुरू होकर 30,000 रुपये या उससे अधिक तक पहुंच सकता है। आरामदायक और संतुलित बजट के लिए मिड-रेंज होटल को बेहतर विकल्प माना जाता है।
एक सप्ताह के होटल खर्च का पूरा हिसाब
यदि आप एक सप्ताह के लिए ऑस्ट्रेलिया में रुकने की योजना बना रहे हैं, तो बजट होटल में रहने का कुल खर्च लगभग 17,500 से 31,500 रुपये तक हो सकता है। वहीं, मिड-रेंज होटल चुनने पर करीब 49,000 से 84,000 रुपये का बजट रखना होगा। अगर आपका चयन लग्जरी होटल है, तो केवल होटल पर ही 1.05 लाख से 2.10 लाख रुपये या उससे अधिक खर्च हो सकता है।
सर्विस अपार्टमेंट और एडवांस बुकिंग से होगी बचत
अगर आप दोस्तों या परिवार के साथ यात्रा कर रहे हैं, तो सर्विस अपार्टमेंट एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। तीन या चार लोगों के बीच किराया बांटने से प्रति व्यक्ति खर्च काफी कम हो जाता है। साथ ही, किचन की सुविधा होने के कारण रोज बाहर खाना खाने की जरूरत भी नहीं पड़ती। खर्च कम रखने के लिए होटल की बुकिंग 3 से 4 महीने पहले करना बेहतर माना जाता है। वहीं, मार्च से मई और सितंबर से नवंबर के बीच यात्रा करने पर अक्सर बेहतर डील मिलती हैं। इन महीनों में मौसम भी सुहावना रहता है और पर्यटकों की भीड़ अपेाकृत कम होती है।
No Previous Comments found.