Easy Breakfast Recipes: न झंझट, न ज्यादा बर्तन... बैचलर्स के लिए सिर्फ 10 मिनट में तैयार होने वाले 5 हेल्दी और टेस्टी नाश्ते
घर से दूर पढ़ाई या नौकरी कर रहे बैचलर्स के लिए सबसे बड़ी परेशानी रोजाना नाश्ता तैयार करना होती है। सुबह की भागदौड़ में अक्सर ब्रेकफास्ट छूट जाता है, जिससे पूरे दिन की ऊर्जा प्रभावित होती है। ऐसे में अगर कम समय में बनने वाला स्वादिष्ट और पौष्टिक नाश्ता मिल जाए, तो दिन की शुरुआत बेहतर हो सकती है। आज हम आपको 5 ऐसी आसान ब्रेकफास्ट रेसिपी बता रहे हैं, जो सिर्फ 10 मिनट में तैयार हो जाती हैं और बनाने में भी बेहद आसान हैं।
1. बेसन का चीला
बेसन का चीला झटपट बनने वाला हेल्दी नाश्ता है। इसे बनाने के लिए 1 कप बेसन में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, धनिया पत्ती, नमक, हल्दी, लाल मिर्च और थोड़ा पानी मिलाकर पतला घोल तैयार करें। तवा गर्म करके उस पर थोड़ा तेल डालें और घोल फैलाकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें। स्वादिष्ट और पौष्टिक चीला तैयार है।
2. हेल्दी सैंडविच
हेल्दी सैंडविच बनाने के लिए 2 स्लाइस ब्राउन या मल्टीग्रेन ब्रेड पर हरी चटनी लगाएं। इसके ऊपर खीरा, टमाटर, प्याज (वैकल्पिक) और शिमला मिर्च के पतले स्लाइस रखें। स्वादानुसार नमक और काली मिर्च डालकर दूसरी ब्रेड से ढक दें। चाहें तो इसे तवे या टोस्टर पर 2–3 मिनट हल्का सेक लें। इसे और पौष्टिक बनाने के लिए पनीर, टोफू या स्प्राउट्स भी मिला सकते हैं।
3. पोहा
पोहा बनाने के लिए पहले पोहे को धोकर 5 मिनट के लिए रख दें। इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें राई, करी पत्ता, मूंगफली, प्याज और हरी मिर्च भूनें। फिर हल्दी और नमक डालें। अब पोहा मिलाकर 2–3 मिनट तक पकाएं और आखिर में नींबू का रस व हरा धनिया डालकर परोसें।
4. उपमा
उपमा बनाने के लिए पहले सूजी को हल्का सुनहरा होने तक भून लें। दूसरी कड़ाही में तेल या घी गर्म करके राई, करी पत्ता, हरी मिर्च और प्याज भूनें। इसमें पानी और नमक डालकर उबाल आने दें। फिर धीरे-धीरे सूजी डालते हुए लगातार चलाएं ताकि गुठलियां न बनें। 3–4 मिनट पकने के बाद स्वादिष्ट उपमा तैयार हो जाएगा।
5. चना चाट
चना चाट बनाने के लिए उबले हुए चने या काले चने में बारीक कटा प्याज, टमाटर, खीरा और हरा धनिया मिलाएं। इसके बाद नमक, चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। कुछ ही मिनटों में तैयार होने वाली यह रेसिपी स्वाद के साथ भरपूर पोषण भी देती है।
ये पांचों ब्रेकफास्ट रेसिपी कम समय में तैयार हो जाती हैं, ज्यादा बर्तन भी नहीं लगते और शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करती हैं। इसलिए बैचलर्स या व्यस्त दिनचर्या वाले लोग इन्हें अपनी सुबह की डाइट में आसानी से शामिल कर सकते हैं।
No Previous Comments found.