जब पार्टनर जानबूझकर काम बिगाड़कर जिम्मेदारियों से बचने लगे, ऐसे करें पहचान
AKANSHA UPADHYAY
क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि आपने अपने पार्टनर से कपड़े फोल्ड करने, रसोई का काम संभालने या बच्चे का डायपर बदलने के लिए कहा हो, लेकिन उन्होंने काम इतनी लापरवाही से किया कि आपको उसे दोबारा खुद ही करना पड़ा? अगर ऐसा बार-बार होता है, तो हो सकता है कि यह सिर्फ काम न आने की बात न हो, बल्कि जिम्मेदारियों से बचने का एक तरीका हो। इसे वेपनाइज्ड इनकंपिटेंस (Weaponized Incompetence) कहा जाता है।रिश्तों में यह व्यवहार धीरे-धीरे एक बड़ी समस्या बन सकता है। शुरुआत में भले ही यह छोटी-सी बात लगे, लेकिन समय के साथ एक पार्टनर पर घर और परिवार की ज्यादातर जिम्मेदारियां आ जाती हैं। ऐसे में जरूरी है कि इस व्यवहार को समझा जाए, इसके संकेतों को पहचाना जाए और समय रहते इसका समाधान निकाला जाए।
क्या है वेपनाइज्ड इनकंपिटेंस?
वेपनाइज्ड इनकंपिटेंस का मतलब है किसी काम को जानबूझकर खराब तरीके से करना, उसमें जरूरत से ज्यादा लापरवाही बरतना या उसे पूरा करने से बचना, ताकि अगली बार दूसरा व्यक्ति वह जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ले।उदाहरण के लिए, अगर कोई पार्टनर बार-बार कपड़े गलत तरीके से फोल्ड करता है, बच्चे की देखभाल में मदद करने से बचता है या घर के जरूरी कामों को अधूरा छोड़ देता है, तो दूसरा पार्टनर धीरे-धीरे उन कामों को खुद ही करने लगता है। इससे जिम्मेदारी से बचने वाले व्यक्ति को बार-बार काम करने की जरूरत नहीं पड़ती। हालांकि, हर बार किसी काम को गलत तरीके से करना वेपनाइज्ड इनकंपिटेंस नहीं होता। हो सकता है कि व्यक्ति को वास्तव में वह काम करना न आता हो या उसे सही तरीका सीखने की जरूरत हो। लेकिन अगर वह बार-बार समझाने के बावजूद सुधार की कोशिश नहीं करता, बहाने बनाता है या अपनी जिम्मेदारी दूसरे पर डाल देता है, तो यह व्यवहार चिंता का विषय हो सकता है।
वेपनाइज्ड इनकंपिटेंस के 5 संकेत
1. बार-बार काम अधूरा छोड़ देना
अगर आपका पार्टनर किसी काम की जिम्मेदारी लेने के बाद उसे पूरा नहीं करता और हर बार आपको ही उसे संभालना पड़ता है, तो इस पैटर्न पर ध्यान देना जरूरी है। खासकर तब, जब यह व्यवहार बार-बार दोहराया जाए।
2. हर काम के लिए आपकी मदद पर निर्भर रहना
कई बार पार्टनर छोटे-छोटे कामों के लिए भी आपसे लगातार निर्देश मांगते हैं, जबकि वे खुद भी उन्हें सीख सकते हैं। हर बार यह उम्मीद करना कि आप उन्हें बताएंगे कि क्या करना है, कब करना है और कैसे करना है, आपके ऊपर अतिरिक्त मानसिक बोझ डाल सकता है।
3. गलतियां सुधारने की कोशिश न करना
गलतियां किसी से भी हो सकती हैं, लेकिन जिम्मेदारी लेने का मतलब है उनसे सीखना। अगर पार्टनर बार-बार वही गलती करता है और उसे सुधारने की कोशिश भी नहीं करता, तो यह केवल अनुभव की कमी नहीं हो सकती।
4. काम से बचने के लिए बहाने बनाना
अगर हर बार घर के काम की बात आने पर थकान, व्यस्तता या काम न आने का बहाना बनाया जाता है, जबकि दूसरे पार्टनर से लगातार जिम्मेदारियां निभाने की अपेक्षा की जाती है, तो रिश्ते में असंतुलन पैदा हो सकता है।
5. अंत में आपको ही काम संभालना पड़ना
यह इस व्यवहार का सबसे अहम संकेत हो सकता है। अगर हर बार काम बिगड़ने या अधूरा रहने के बाद आपको ही उसे पूरा करना पड़ता है, तो धीरे-धीरे आप सभी जिम्मेदारियां अपने ऊपर लेने लगते हैं। इससे दूसरा पार्टनर जिम्मेदारी निभाने से बचता रहता है।
रिश्ते पर क्या पड़ सकता है असर?
1. बढ़ सकता है मानसिक और शारीरिक तनाव
जब घर के काम, बच्चों की देखभाल और परिवार की दूसरी जिम्मेदारियां एक ही व्यक्ति पर आ जाती हैं, तो उसे आराम और अपने लिए समय निकालने का मौका कम मिलता है। लगातार जिम्मेदारियां निभाने से थकान, तनाव और चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है।
2. पार्टनर के बीच भरोसा कम हो सकता है
रिश्ते में एक-दूसरे का साथ देना बेहद जरूरी है। लेकिन जब एक पार्टनर को बार-बार लगे कि जरूरत के समय दूसरा उसकी मदद नहीं करेगा, तो वह उस पर निर्भर रहना कम कर सकता है। धीरे-धीरे भावनात्मक दूरी भी बढ़ सकती है।
3. मन में नाराजगी और कड़वाहट बढ़ सकती है
जब एक व्यक्ति लगातार जिम्मेदारियां निभाता है और दूसरे की ओर से बराबर सहयोग नहीं मिलता, तो उसके मन में नाराजगी पैदा होना स्वाभाविक है। उसे लग सकता है कि उसकी मेहनत और समय की कद्र नहीं की जा रही है।
4. रिश्ते में बराबरी खत्म होने लगती है
पार्टनरशिप का मतलब केवल साथ रहना नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को भी मिलकर निभाना है। अगर एक व्यक्ति हमेशा काम करने वाला बन जाए और दूसरा हमेशा मदद लेने वाला, तो रिश्ते में बराबरी की भावना कमजोर पड़ सकती है।
वेपनाइज्ड इनकंपिटेंस से कैसे निपटें?
1. पार्टनर से खुलकर बात करें
सबसे पहले शांत माहौल में अपने पार्टनर से बात करें। सीधे आरोप लगाने के बजाय उन्हें बताएं कि जब वे काम अधूरा छोड़ देते हैं या जिम्मेदारी नहीं निभाते, तो आपको अतिरिक्त दबाव का सामना करना पड़ता है।उदाहरण के लिए, आप कह सकते हैं, “जब घर के कामों में तुम्हारा सहयोग नहीं मिलता, तो मुझे सारी जिम्मेदारियां अकेले संभालनी पड़ती हैं। मैं चाहती हूं कि हम दोनों मिलकर इन्हें पूरा करें।”
2. जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा करें
घर के सभी जरूरी कामों की सूची बनाएं और तय करें कि कौन-सा काम किसकी जिम्मेदारी होगा। इसमें खाना बनाना, सफाई करना, कपड़े धोना, बच्चों की देखभाल और घर के जरूरी सामान की खरीदारी जैसे काम शामिल किए जा सकते हैं।इससे दोनों पार्टनर को अपनी जिम्मेदारियों का स्पष्ट अंदाजा रहेगा और बार-बार याद दिलाने की जरूरत भी कम होगी।
3. हर बार काम अपने हाथ में न लें
अगर पार्टनर किसी काम को अधूरा छोड़ देता है, तो तुरंत उसे खुद पूरा करने की आदत से बचें, बशर्ते ऐसा करने से किसी की सुरक्षा या सेहत को खतरा न हो। उन्हें अपनी जिम्मेदारी पूरी करने का अवसर दें। यदि उन्हें वास्तव में काम करना नहीं आता, तो तरीका समझाएं और उन्हें अभ्यास करने दें।
4. परफेक्शन के बजाय सहयोग पर ध्यान दें
यह भी जरूरी है कि दोनों पार्टनर समझें कि किसी काम को करने का तरीका अलग-अलग हो सकता है। अगर पार्टनर काम सही तरीके से और जिम्मेदारी के साथ पूरा कर रहा है, तो जरूरी नहीं कि वह उसे बिल्कुल आपके तरीके से ही करे।हर छोटी गलती को वेपनाइज्ड इनकंपिटेंस मानने के बजाय यह देखें कि क्या वह सीखने, सुधार करने और जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार है।
5. अपनी सीमाएं तय करें
अगर बार-बार बातचीत करने के बावजूद पार्टनर जिम्मेदारियों से बचता है, तो अपनी सीमाएं स्पष्ट करना जरूरी है। उन्हें बताएं कि घर और परिवार की जिम्मेदारियां केवल आपकी नहीं हैं और आप हर काम अकेले नहीं संभाल सकतीं या संभाल सकते।जरूरत पड़ने पर कपल काउंसलिंग की मदद भी ली जा सकती है, ताकि दोनों पार्टनर अपनी अपेक्षाओं और समस्याओं को बेहतर तरीके से समझ सकें।

No Previous Comments found.