बिना तंदूर के घर पर बनाएं ढाबे जैसी तंदूरी रोटी, प्रेशर कुकर की मदद से मिनटों में होगी तैयार
कई बार खाने में तंदूरी रोटी मिल जाए तो साधारण दाल-सब्जी का स्वाद भी दोगुना हो जाता है। लेकिन हर बार तंदूरी रोटी खाने के लिए ढाबे या रेस्टोरेंट जाना संभव नहीं होता। ऐसे में आप घर पर ही प्रेशर कुकर की मदद से आसानी से तंदूरी रोटी बना सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए आपको किसी खास उपकरण या तंदूर की जरूरत नहीं पड़ेगी। रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले प्रेशर कुकर से रोटी बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से एकदम नरम बनेगी। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
तंदूरी रोटी बनाने के लिए सामग्री
गेहूं का आटा – 2 कप
दही – 2 बड़े चम्मच
बेकिंग पाउडर या बेकिंग सोडा – एक चुटकी
चीनी – आधा छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
पानी – आवश्यकतानुसार
मक्खन – रोटी पर लगाने के लिए
इस तरह तैयार करें तंदूरी रोटी का आटा
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, नमक, चीनी, बेकिंग पाउडर और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। आटे को ढककर करीब 30 मिनट के लिए रख दें, ताकि यह अच्छी तरह सेट हो जाए।
प्रेशर कुकर में ऐसे बनाएं तंदूरी रोटी
सबसे पहले प्रेशर कुकर को अंदर से अच्छी तरह साफ और सूखा कर लें। इसके बाद कुकर का ढक्कन, रबर और सीटी अलग कर दें। अब कुकर को मध्यम आंच पर 5-7 मिनट तक गर्म करें।
तैयार आटे से मीडियम आकार की लोई बनाएं और सूखा आटा लगाकर सामान्य रोटी से थोड़ी मोटी बेल लें। रोटी की एक तरफ हल्का पानी लगाएं। अब इस हिस्से को सावधानी से कुकर की अंदरूनी दीवार पर चिपका दें।
मध्यम आंच पर करीब 1-2 मिनट तक रोटी पकने दें। जब रोटी पर बुलबुले दिखाई देने लगें, तो कुकर को सावधानी से आंच से हटाकर उचित तरीके से उल्टा करके रोटी के ऊपरी हिस्से को सेंक लें। ध्यान रखें कि कुकर गर्म होगा, इसलिए इसे संभालते समय विशेष सावधानी बरतें।
अंत में चिमटे की मदद से रोटी निकालें और ऊपर से मक्खन लगा दें। बस तैयार है गरमा-गरम तंदूरी रोटी। इसे दाल मखनी, पनीर की सब्जी या किसी भी पसंदीदा ग्रेवी के साथ परोसें और घर बैठे ढाबे जैसा स्वाद लें।

No Previous Comments found.