2 चुनिंदा कविताएं: सुमित्रानंदन पंत के काव्य संकलन 'कला और बूढ़ा चाँद'
मैंने
गुलाब की
मौन शोभा को देखा !
उससे विनती की
तुम अपनी
अनिमेष सुषमा को
शुभ्र गहराइयों का रहस्य
मेरे मन की आँखों में
खोलो !
मैं अवाक् रह गया !
वह सजीव प्रेम था !
मैंने सूँघा,
वह उन्मुक्त प्रेम था !
मेरा हृदय
असीम माधुर्य से भर गया !
मैंने
गुलाब को
ओंठों से लगाया !
उसका सौकुमार्य
शुभ्र अशरीरी प्रेम था !
मैं गुलाब की
अक्षय शोभा को
निहारता रह गया !
बूढ़ा चांद
कला की गोरी बाहों में
क्षण भर सोया है
यह अमृत कला है
शोभा असि,
वह बूढ़ा प्रहरी
प्रेम की ढाल!
हाथी दांत की
स्वप्नों की मीनार
सुलभ नहीं,-
न सही!
ओ बाहरी
खोखली समते,
नाग दंतों
विष दंतों की खेती
मत उगा!
राख की ढेरी से ढंका
अंगार सा
बूढ़ा चांद
कला के विछोह में
म्लान था,
नये अधरों का अमृत पीकर
अमर हो गया!
पतझर की ठूंठी टहनी में
कुहासों के नीड़ में
कला की कृश बांहों में झूलता
पुराना चांद ही
नूतन आशा
समग्र प्रकाश है!
वही कला,
राका शशि,-
वही बूढ़ा चांद,
छाया शशि है!


No Previous Comments found.