शादी के 5 महीने बाद पत्नी की मौत, दहेज हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार

लखनऊ- थाना पीजीआई पुलिस ने दहेज हत्या के आरोपी पति अरुण कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पत्नी सलोनी सिंह (27) को दहेज के लिए प्रताड़ित कर मौत के लिए उकसाने का आरोप है।गोमतीनगर निवासी लाल सिंह ने 3 मई को पीजीआई थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सलोनी की शादी 2 दिसंबर 2024 को अरुण कुमार यादव से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही अरुण दहेज के लिए सलोनी को प्रताड़ित कर रहा था, जिससे तंग आकर उसने जान दे दी। पिता की तहरीर पर मु०अ०सं० 245/2026 धारा 85/80(2) बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट में केस दर्ज किया गया।

डीसीपी दक्षिणी के निर्देश पर गठित टीम ने शनिवार को आरोपी अरुण को वृंदावन स्थित आसरा इन्क्लेव, फ्लैट संख्या B-15/31 से गिरफ्तार किया। अरुण मूल रूप से रायबरेली के खीरो थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सलोनी ने फ्लैट के कमरे में गहरे गुलाबी दुपट्टे से पंखे से लटककर जान दी थी। उसने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर सलोनी को फंदे से उतारा और ट्रामा सेंटर ले गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद कर लिया है।गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित मुकदमे में विधिक कार्रवाई के तहत कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी टीम में उ०नि० परमानन्द सिंह, उ०नि० शिवेन्द्र प्रताप सिंह, हे०का० नन्दलाल पटेल व काँ० सन्दीप कुमार शामिल रहे।


 रिपोर्टर - उमेशविश्वकर्मा
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.