कृष्णानगर में खुलेआम गुंडई पड़ी भारी, घर पर चढ़कर फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ- कृष्णानगर पुलिस ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर आमजन में दहशत फैलाने वाले 2 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया है। घटना 30 अप्रैल की है, जब बदमाशों ने एलडीए कॉलोनी स्थित महिला के घर पर हमला कर कार तोड़ी और फायरिंग की थी। कृष्णानगर के सेक्टर सी-1 एलडीए कॉलोनी निवासी रीना यादव ने 1 मई को तहरीर दी थी। उनके अनुसार, 30 अप्रैल को मनीष यादव, जीतू यादव और अन्य साथी एक राय होकर उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज की, क्रेटा कार UP 32 PT 5335 को क्षतिग्रस्त कर दिया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दहशत फैलाई। 

इस मामले में पुलिस ने मु०अ०सं० 189/2026 धारा 191(2)/191(3)/190/352/351(3)/324(4)/109/61(2) बीएनएस व 7 CL Act में केस दर्ज किया था। वहीं दहशतगर्दो की गिरफ्तारी के लिए डीसीपी दक्षिणी के निर्देश पर पुलिस की 6 टीमें गठित की गईं थीं। पुलिस ने 400-500 सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य खंगालने के बाद शनिवार को जीवी लॉन मोड़ से मनीष यादव (30) और जीतू यादव (27), निवासी अजीतनखेड़ा काकोरी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में मनीष ने बताया कि 29 अप्रैल को शादी समारोह में करन यादव से पुरानी रंजिश में मारपीट हुई थी। इसी का बदला लेने 30 अप्रैल को रीना के घर जाकर गाली-गलौज की, गाड़ी का शीशा तोड़ा और दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। आरोपियों ने कबूला कि उन्हें भगत यादव ने दहशत फैलाने के लिए भेजा था। उनके साथ आए अन्य लोगों ने फायरिंग की थी। मनीष और जीतू पर पहले से भी एक-एक केस दर्ज है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।


 रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.