कृष्णानगर में बड़े मंगल पर विशाल भंडारे का आयोजन, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

लखनऊ- ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल के अवसर पर लखनऊ के कृष्णानगर स्थित श्री सहसे वीर बाबा मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सेवा भाव से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भंडारे का शुभारंभ सुंदरकांड पाठ एवं बजरंग बली की आरती के साथ हुआ। बजरंगबली और भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। यह आयोजन बृजेश कुमार सिंह, शैलेश कुमार सिंह एवं सिंह परिवार की ओर से किया गया था। 

इस अवसर पर पूर्व पार्षद अंकित मिश्रा, राष्ट्र सेवा समिति की कार्यकर्ता मंजू पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजकों की सराहना की और भक्तों की सेवा के इस प्रयास को सराहनीय बताया। भंडारे में श्रद्धालुओं को चावल, छोले, पूड़ी, सब्जी आदि प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। गर्मी को देखते हुए भक्तों को ठंडा शरबत भी पिलाया गया। आयोजकों ने भोजन और जल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की। श्रद्धालुओं में भंडारे को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने प्रसाद ग्रहण करने के साथ-साथ मंदिर में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। शैलेश सिंह ने कहा कि बड़े मंगल पर हर वर्ष की तरह इस बार भी भंडारे का आयोजन भक्तों की सेवा के उद्देश्य से किया गया है।


 रिपोर्टर - अमित श्रीवास्तव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.