शराबी पति ने गला दबाकर की पत्नी की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
लखनऊ- आशियाना क्षेत्र में मंगलवार को शराब के नशे में धुत पति ने विवाद के दौरान पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर आशियाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस उपायुक्त ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका की पहचान ऊषा शर्मा उर्फ निशा, 38 वर्ष, पत्नी सतीश शर्मा के रूप में हुई। वह बंगला बाजार स्थित चंद्रिका देवी मंदिर के सामने झुग्गी में रहती थी। मृतका की मां जगरानी, निवासी रुचिखंड, शारदा नगर ने बताया कि निशा का विवाह सतीश शर्मा से हुआ था और उनके तीन बच्चे आयुष, आराधना और अंश हैं। सतीश पहले सेक्टर एल, पानी टंकी के पास रहता था, लेकिन नशे की लत के कारण उसने अपना मकान बेच दिया था। निशा घरों में चौका-बर्तन कर परिवार का खर्च चलाती थी। आरोप है कि सतीश आए दिन शराब के पैसे मांगकर पत्नी से मारपीट करता था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षण छत्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपी पति सतीश शर्मा को हिरासत में ले लिया गया है। मृतका की मां की तहरीर पर हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.