मानसिक अस्वस्थ नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, दो दरिंदे गिरफ्तार
जानकीपुरम में हैवानियत: मानसिक अस्वस्थ नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, दो दरिंदे गिरफ्तार
लखनऊ-थाना जानकीपुरम क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। 15 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग को खाली मकान में बंधक बनाकर दो दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
परिजनों के अनुसार 15 वर्षीय बेटी 1 जून की रात करीब 8 बजे घर के बाहर टहलने निकली थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिवार ने उसकी खोजबीन शुरू की। रातभर तलाशने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। अगले दिन, 2 जून की सुबह करीब 5 बजे स्थानीय लोगों ने किशोरी को इलाके के ही एक नए बने खाली मकान से बाहर बदहवास स्थित में निकलते देखा था। परिजनों को जब इसकी सूचना मिली, तो उन्होंने मकान के अंदर जाकर देखा, जहां पीड़िता के कपड़े बरामद हुए। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी दिनेश और उसके एक अन्य साथी ने उसे जबरन पकड़ लिया था। इसके बाद उसे खाली मकान में ले जाकर अंदर से ताला बंद कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे चाकू दिखाकर डराया और रातभर बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता की मां की तहरीर पर 2 जून मंगलवार को थाना जानकीपुरम में धारा 64(2)/70(2)/127(2) बीएनएस व 5/6 पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य जुटाने के बाद मुखबिर की सूचना पर आज बुद्धवार को सुबह 10:30 बजे पुलिस ने नामजद आरोपी दिनेश उर्फ महरा पुत्र स्व० छोटू, निवासी शादीपुर, तालगांव, सीतापुर और दूसरे आरोपी जगन्नाथ उर्फ जुम्मन पुत्र स्व० बाबू, निवासी कटरा इटारी, तालगांव को दबोच लिया। दोनों मजदूरी करते हैं। पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी जगन्नाथ पर सीतापुर में मारपीट और आबकारी के दो केस पहले से दर्ज हैं। पुलिस दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई के तहत दोनों दुष्कर्मियों को जेल भेज दिया है।
रिपोर्टर - अमित श्रीवास्तव
No Previous Comments found.