मिशन शक्ति 5.0: कृष्णानगर में महिला सुरक्षा-साइबर जागरूकता अभियान

मिशन शक्ति 5.0: कृष्णानगर में महिला सुरक्षा-साइबर जागरूकता अभियान, हेल्पलाइन की दी जानकारी

लखनऊ- उत्तर प्रदेश सरकार एवं पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही "मिशन शक्ति 5.0" के तहत सोमवार को थाना कृष्णानगर की महिला बीट टीम ने सिंधी गर्ल्स कॉलेज व सराफा क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का विषय "समाज की नई चेतना, साइबर सुरक्षा है अब हमारी जिम्मेदारी" रहा।

महिला उप निरीक्षक निशा और महिला आरक्षी प्रियंका यादव के नेतृत्व में टीम ने छात्राओं, महिलाओं और बच्चों को महिला सुरक्षा, अधिकारों व सरकारी सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में महिलाओं को 112, 1090, 181, 1076, 1098, 102, 108 जैसी आपात हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग आपात स्थिति में करने के लिए प्रेरित किया गया।

टीम ने महिला हेल्प डेस्क, महिला सुरक्षा केंद्र, पिंक बूथ, पिंक स्कूटी सेवा और यूपी कॉप ऐप के बारे में विस्तार से बताया। छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी भी अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई। साइबर अपराध से बचाव पर विशेष फोकस करते हुए फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, ओटीपी साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी अवगत कराया गया।

अभियान के दौरान महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं व सुझाव भी सुने गए। पम्पलेट वितरित कर जागरूकता को स्थायी रूप दिया गया। आयोजन से लगभग 20-25 महिलाओं-बच्चों को सीधे हेल्पलाइन व सुरक्षा संसाधनों की जानकारी मिली। बता दें कि मिशन शक्ति 5.0 की यह पहल महिला सुरक्षा को जमीनी स्तर पर ले जाने और पुलिस-समुदाय के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में एक ठोस कदम साबित हो रही है।

 रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.