सरोजनीनगर: किसान पथ पर डंपर की टक्कर से दो लोगों की मौत, चालक हिरासत में
लखनऊ- सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में किसान पथ पर बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
घटना आज गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे किसान पथ पर गहरू अंडरपास के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली कि एक डंपर ने बाइक सवार दो लोगों को रौंदते हुए भाग गया है। सूचना मिलते ही सरोजनीनगर पुलिस ने डंपर का पीछा किया और किसान पथ पर नदौली के पास डंपर को रोककर चालक को हिरासत में ले लिया।
हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान रामसेवक, पुत्र सूकरू, निवासी रानीखेड़ा, थाना मोहलालगंज और रामू, पुत्र नथू, निवासी नदौली, थाना अटरिया, जिला सीतापुर के रूप में हुई है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही दोनों मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। दोनों मृतक आपस में मौसेरे भाई हैं। दोनों मृतक के परिजन सहित बड़ी संख्या में लोग लोक बंधु हॉस्पिटल पहुंच गए और कार्रवाही की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। मौके पर कृष्णा नगर थाने के फिनिक्स पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने समझा बुझा कर शोकाकुल परिवार को शांत किया।
जिसके बाद पुलिस ने दोनों शवों पंचायतनामा कराकर .पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं सरोजनी नगर पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। डंपर चालक से पूछताछ की जा रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद किसान पथ पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
रिपोर्टर: विशाल चौधरी
No Previous Comments found.