कृष्णानगर पुलिस ने कार से हैंडबैग चोरी करने वाली महिला को दबोचा, चोरी का सामान बरामद

लखनऊ- दक्षिणी जोन के थाना कृष्णानगर पुलिस ने कार से हैंडबैग चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गया सामान और नकदी भी बरामद की है।

कृष्णा नगर थाना प्रभारी निरीक्षक पी०के० सिंह ने बताया कि बीते 10 जून 2026 को सूर्यनगर, राजाजीपुरम निवासी नीलिमा गुप्ता पुत्री भगवान दास ने तहरीर दी थी कि न्यू फेयर सेंटर, अमरूदही बाग के पास खड़ी उनकी चार पहिया गाड़ी से अज्ञात व्यक्ति ने उनका हैंडबैग चोरी कर लिया था। तहरीर के आधार पर थाना कृष्णानगर में धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मकद्मा पंजीकृत किया गया था।

इस मामले में पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद के दिशा निर्देशन में दो विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र का गहन विश्लेषण किया।

पुलिस टीम के अथक प्रयासों के बाद आज शुक्रवार को गंगाखेड़ा रेलवे अंडरपास क्षेत्र से अभियुक्ता निशा पत्नी राजू, निवासिनी कांशीराम कॉलोनी, हसनखेड़ा, थाना पारा, उम्र करीब 35 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसकी संलिप्तता सामने आने पर नियमानुसार गिरफ्तारी की गई। उसकी निशानदेही पर चोरी से संबंधित सामान बरामद किया गया।

बरामदगी में 1 मोबाइल चार्जर, 1 ब्लूटूथ, 2 आधार कार्ड, 1 रीयलमी मोबाइल और 1550 रुपये नकद शामिल हैं। अभियुक्ता की गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने अभियुक्ता से पूछताछ के बाद नियमानुसार विधिक कार्यवाही के तहत उसे जेल भेज दिया है। वही पुलिस उसके आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। 

यह बड़ी कामयाबी कृष्णानगर थाना प्रभारी निरीक्षक पी के सिंह के नेतृत्व में उ०नि० शिशुपाल सिंह, उ०नि० प्रवीण यादव, म०उ०नि० सिद्धी मिश्रा, का० मोहित कुमार और म०का० प्रियंका यादव की टीम  को मिली है।


 रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.