वेंडिंग जोन पर दो फाड़ सुबह महापौर के खिलाफ प्रदर्शन, शाम समर्थकों ने चलाया हस्ताक्षर अभियान

लखनऊ- लखनऊ नगर निगम जोन-8 के अंतर्गत कानपुर रोड योजना के समीप स्काई हिल्टन होटल के सामने बन रहे स्थायी वेंडिंग जोन को लेकर रविवार को दिनभर विरोध और समर्थन का दौर चलता रहा। सुबह जहां सैकड़ों लोगों ने फुटपाथ पर बन रही दुकानों को लेकर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया, वहीं शाम होते ही भाजपा समर्थकों ने महापौर सुषमा खर्कवाल के पक्ष में हस्ताक्षर अभियान चलाकर निर्माण कार्य को समर्थन दिया।

सुबह हुआ विरोध प्रदर्शन  
रविवार सुबह आशियाना इलाके के स्काई हिल्टन के सामने सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क जाम कर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि फुटपाथ पर दुकानों का निर्माण सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना है। उनका कहना था कि इससे अस्पताल और स्कूल जाने वाले लोगों को जाम और दुर्घटना का खतरा बढ़ेगा।

शाम को समर्थकों ने संभाला मोर्चा  
दूसरी ओर शाम ढलते ही माहौल बदल गया। भाजपा समर्थकों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर महापौर सुषमा खर्कवाल के समर्थन में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया। समर्थकों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए और वेंडिंग जोन को नगर निगम की अनूठी पहल बताया। 

समर्थकों ने गिनाए फायदे  
मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि स्थायी वेंडिंग जोन बनने से रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को नियमित स्थान मिलेगा और उन्हें आए दिन की परेशानियों से मुक्ति मिलेगी। इसे महापौर की दूरदर्शिता बताते हुए कहा कि इससे गरीब तबके को रोजी-रोटी का नियमित साधन मिलेगा। 

समर्थन में आए लोगों ने विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग पहले दुकानदारों से अवैध वसूली करते थे। स्थायी वेंडिंग जोन बनने से उनकी अवैध कमाई बंद हो जाएगी, इसलिए वे निर्माण में बाधा डाल रहे हैं।

हस्ताक्षर अभियान में सोनू विष्ट, मनीष शुक्ला, श्रद्धा श्रीवास्तव, सत्येंद्र सिंह, प्रशांत, अनुष्का सिंह, अमित पाण्डेय, कार्तिक मिश्रा समेत सैकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर कर महापौर को अपना समर्थन दिया। समर्थकों ने मांग की कि निर्माण कार्य बिना बाधा के पूरा किया जाए।


 रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.