कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
अतीक गैंग से जुड़े लोगों पर फर्जी वसीयत से करोड़ों की संपत्ति हड़पने का आरोप
लखनऊ-कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने अतीक अहमद गैंग से जुड़े लोगों पर फर्जी वसीयत बनाकर करोड़ों की पुश्तैनी संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि सुभाष नगर निवासी साबिर अली पुत्र स्व. भल्लू ने कोर्ट में अर्जी दी थी। साबिर अली का आरोप है कि कनौसी गांव स्थित उसकी पुश्तैनी जमीन पहले स्व. अकबर अली खान और बाद में उनकी पत्नी फजल फातिमा के नाम थी। फजल फातिमा ने वर्ष 2020 में उनके पक्ष में वसीयत की थी।
कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
वादी का आरोप है कि परवेज अहमद निवासी कौशाम्बी और हसनैन अली निवासी प्रयागराज ने साजिश रचकर अकबर अली खान के फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान से 1989 और 1990 की तारीखों वाली वसीयतें तैयार करा लीं। ये दस्तावेज पहली बार 2024 में सामने लाए गए। साबिर अली का दावा है कि रजिस्टर और स्याहा रजिस्टर की जांच से कूटरचना का खुलासा हो सकता है।
साबिर अली ने आरोप लगाया कि एक विपक्षी का नाम अतीक अहमद गैंग से जुड़े लोगों के साथ सामने आया था। हालांकि इस संबंध में न्यायालय के समक्ष आरोप लगाए गए हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पीड़ित के मुताबिक उन्होंने पहले कृष्णा नगर थाने, मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त समेत अन्य अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट की शरण ली।
पुलिस ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है और अभी कोई न्यायिक निर्णय पारित नहीं हुआ है।
रिपोर्टर - अमित श्रीवास्तव
No Previous Comments found.