आशियाना थाने के एसएसआई पर युवती ने लगाए यौन शोषण के गंभीर आरोप

लखनऊ- राजधानी के आशियाना थाने में तैनात एक एसएसआई पर एक युवती ने यौन शोषण, मारपीट और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने शनिवार को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता, जो पारा क्षेत्र की रहने वाली है, का आरोप है कि उसका पहले बस्ती निवासी अभिषेक सिंह से प्रेम संबंध था। अभिषेक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। इस मामले में उसने फरवरी 2026 में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसकी विवेचना बाद में आशियाना थाने को स्थानांतरित कर दी गई।

पीड़िता का आरोप है कि विवेचना के दौरान आशियाना थाने में तैनात एसएसआई धर्मवीर शाही ने उसे बयान के बहाने थाने बुलाया और मुकदमे में मदद व शादी का भरोसा देकर अपने प्रभाव का दुरुपयोग किया। आरोप है कि इसके बाद कई बार उसे अपने कमरे पर बुलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए।

युवती का कहना है कि करीब डेढ़ माह पहले उसे पता चला कि संबंधित दरोगा पहले से शादीशुदा है। इसके बाद उसने दूरी बनानी शुरू की, जिससे नाराज होकर दरोगा उस पर दबाव बनाने लगा। पीड़िता का आरोप है कि उसे कई बार बुलाकर मारपीट की गई और शुक्रवार रात शिकायत करने के बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ उसके घर पहुंचा, उसे जबरन कार में बैठाकर मारपीट की तथा मोबाइल फोन से वीडियो, चैट और फोटो सहित कथित साक्ष्य भी डिलीट कर दिए।

फिलहाल युवती ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस के उच्च अधिकारियों से की है। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या आरोपी पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है। पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


 रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.