दुबई से आया 30 लाख का सोना गायब! लखनऊ पुलिस ने खोला अंतरराज्यीय गैंग का राज
लखनऊ-= राजधानी लखनऊ की सरोजनीनगर पुलिस और डीसीपी दक्षिणी सर्विलांस टीम ने एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 30 लाख रुपये कीमत का 203.92 ग्राम सोने का कैप्सूल बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, बलिया निवासी महबूब आलम 27 जुलाई को दुबई से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। एयरपोर्ट के बाहर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें अपनी ब्रेजा कार में बैठा लिया, काफी देर तक इधर-उधर घुमाने के बाद आलमबाग बस अड्डे के पास उतार दिया और उनका ट्रॉली बैग, पासपोर्ट, कपड़े तथा करीब 30 लाख रुपये कीमत का सोने का कैप्सूल चोरी कर फरार हो गए।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित कीं। करीब 100 से 130 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद पुलिस ने दीपक वर्मा और राम प्रताप दुबे को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया पूरा सोना बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि उनका अंतरराज्यीय गिरोह दुबई समेत खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों को टिकट, पैसे और शॉपिंग का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद सोने का बुरादा विशेष तरीके से पैक कर मानव शरीर के अंदर छिपाकर भारत भेजा जाता था। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही गिरोह के सदस्य वह सोना अपने कब्जे में ले लेते थे।
इस बार लालच में आकर आरोपियों ने अपने ही गिरोह के लिए लाई गई सोने की खेप को हड़पने की योजना बनाई और पीड़ित को धोखे से कार में बैठाकर सोना चोरी कर लिया। डीसीपी दक्षिणी ने इस शानदार कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है। वहीं पुलिस अब इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
रिपोर्टर - विशाल चौधरी
No Previous Comments found.