महिला से चेन लूट का 24 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी और माल खरीदार गिरफ्तार
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में महिला के गले से सोने की चेन लूटने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटी गई चेन को बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 18 सितंबर की शाम करीब 5:10 बजे श्रीराम नगर, मुन्नूखेड़ा निवासी अर्चना सिंह अपनी बेटी को ट्यूशन से लेने जा रही थीं। ऊषा हॉस्पिटल के पास एक युवक ने उनके गले से करीब 10-12 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर पारा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस टीम ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान अमन यादव उर्फ अजय देवगन, निवासी अजीतन खेड़ा, काकोरी के रूप में की।
पुलिस ने काकोरी और आशियाना क्षेत्र में दबिश देकर अमन यादव और लूटी गई चेन खरीदने वाले प्रमोद कुमार जैसल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि अमन यादव ने कर्ज चुकाने और लालच के चलते महिला से चेन लूटी थी। इसके बाद उसने चेन को दो टुकड़ों में तोड़कर बड़ा हिस्सा प्रमोद कुमार जैसल को 15 हजार रुपये में दे दिया, जबकि छोटा हिस्सा अपने पास रख लिया।
पुलिस ने प्रमोद के कब्जे से 7.280 ग्राम और अमन यादव के पास से 3.680 ग्राम, यानी कुल 10.960 ग्राम पीली धातु की चेन बरामद की। पुलिस के अनुसार लूटा गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।
बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में लूट की धारा 309(4) BNS के साथ धारा 317(2)/317(5) BNS बढ़ाई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज के जरिए 24 घंटे में घटना का खुलासा इलाके में कानून-व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा
No Previous Comments found.