प्लॉट के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाली कंपनी का डायरेक्टर गिरफ्तार, बलिया से दबोचा गया अभियुक्त
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन-मध्य स्थित थाना आशियाना पुलिस टीम ने प्लॉट बेचने के नाम पर ठगी करने वाली कंपनी के फरार डायरेक्टर/अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को बलिया जिले स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण देते हुए आशियाना थाना प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि बिहार के सिवान जिले में थाना महाराजगंज, ग्राम तेरुआ के रहने वाले अंकित सिंह पुत्र गिरिवर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें प्लॉट बेचने का झांसा देकर उनसे 3,72,000 रुपये (तीन लाख बहत्तर हजार रुपये) ऐंठ लिए, लेकिन बाद में न तो प्लॉट दिया और न ही पैसे वापस किए।
इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर थाना आशियाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में प्रमोद कुमार उपाध्याय, विनोद कुमार उपाध्याय, प्रभात कुमार उपाध्याय, ओमकारनाथ पाण्डेय, शशांक सोती और प्रदीप तिवारी को नामजद किया गया था।
मुकदमे की विवेचना में साक्ष्य संकलन और जांच के दौरान इस फर्जीवाड़े में शामिल कंपनी के डायरेक्टर मदनराम का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने मामले की धाराओं में संशोधन करते हुए धारा 120बी/409 भादवि की बढ़ोत्तरी की है। फिलहाल पुलिस कंपनी के डायरेक्टर मदनराम से कड़ी पूछताछ के बाद विधिक कार्रवाई के तहत जेल भेज दिया है।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.