जमीन खरीदने के बहाने बुलाकर ₹14 लाख की लूट, वांछित आरोपी नासिर गिरफ्तार
लखनऊ। गाजीपुर थाना पुलिस ने जमीन खरीदने के बहाने बुलाकर 14 लाख रुपये की लूट करने के मामले में वांछित आरोपी नासिर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को गोरखपुर निवासी विश्वजीत सिंह जमीन खरीदने के सिलसिले में लखनऊ आए थे। आरोपियों ने उन्हें बातचीत के बहाने “कॉफी डूड” कैफे के पास बुलाया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने उनके बैग में रखे 14 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर 28 मार्च को थाना गाजीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। शुरुआत में मामले में सिद्दू सहित चार नामजद और 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 310(2), 317(3) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस के मुताबिक, मामले में पहले ही चार आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान नासिर, विशाल और आलोक की संलिप्तता भी सामने आई थी। इसके बाद पुलिस इनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी।
20 सितंबर को गाजीपुर पुलिस टीम वांछित आरोपी नासिर की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नासिर अपने वर्तमान पते पी-67, नेहरू इन्क्लेव, गोमतीनगर पर मौजूद है और कहीं बाहर जाने की फिराक में है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और आरोपी को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नासिर पुत्र सैय्यद नौसाद अहमद, उम्र करीब 19 वर्ष, मूल निवासी लोकनाथपुर बालचंद पट्टी, थाना दोस्तपुर, जनपद सुल्तानपुर बताया। वर्तमान में वह नेहरू इन्क्लेव, गोमतीनगर में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उसके आपराधिक इतिहास के संबंध में अन्य थानों और जनपदों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वारदात का उद्देश्य जमीन के सौदे का झांसा देकर अवैध आर्थिक लाभ हासिल करना और संगठित तरीके से लूट की घटना को अंजाम देना था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक सुरेश कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक हेमन्त कुमार, उप निरीक्षक राजन केशरी, हेड कांस्टेबल बालकुश यादव और हेड कांस्टेबल अशोक यादव शामिल रहे।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.