काकोरी में वृद्ध की मौत का मामला: पोते के बाद एक और आरोपी गिरफ्तार
काकोरी में वृद्ध की मौत का मामला: पोते के बाद एक और आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के ग्राम उदैतखेड़ा मौंदा में 70 वर्षीय विशेश्वर यादव पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने और इलाज के दौरान उनकी मौत के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी आशुतोष यादव उर्फ आशू यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर की रात करीब 10 बजे विशेश्वर यादव अपने घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था।
घटना के संबंध में मृतक के पुत्र तेजपाल यादव की तहरीर पर मु0अ0सं0-295/2026 के तहत वैभव उर्फ विक्की, पिंकू, महेन्द्र और 2-3 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने नामजद आरोपी वैभव उर्फ विक्की, जो घायल विशेश्वर का सगा पोता है, को पहले ही गिरफ्तार कर 17 सितंबर को जेल भेज दिया था।
इलाज के दौरान 19 सितंबर को विशेश्वर यादव की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में हत्या समेत अन्य धाराएं बढ़ाते हुए धारा 103(1)/118(1)/3(5) बीएनएस में तरमीम की।
जांच के दौरान प्रकाश में आए आशुतोष यादव उर्फ आशू यादव (19) निवासी ग्राम अनौरा, थाना सरोजनीनगर को पुलिस ने 20 सितंबर की रात करीब 10:46 बजे ग्राम अनौरा से गिरफ्तार कर लिया। 21 सितंबर को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे संपत्ति विवाद सामने आया है और वारदात को मृतक के पोते वैभव उर्फ विक्की द्वारा कारित व कराया गया बताया गया है। मामले में नामजद पिंकू और महेन्द्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतीश चन्द्र राठौर, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक शिवम विधूड़ी, हेड कांस्टेबल अजय यादव और हेड कांस्टेबल अरविन्द सोनकर शामिल रहे।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.