ट्रैक्टर चालक का अपहरण कर दो लाख की फिरौती मांगने वाले फॉर्च्यूनर सवार 2 आरोपी गिरफ्तार, अपहृत सकुशल बरामद
लखनऊ- थाना पारा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक का अपहरण कर 2 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृत चालक को आरोपियों के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया है।
गाड़ी टकराने पर हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर को सुलतानपुर निवासी महेंद्र प्रताप सिंह ने थाना पारा में शिकायत दर्ज कराई कि आगरा एक्सप्रेसवे जीरो प्वाइंट की सर्विस लेन के पास मोबाइल टॉयलेट लगे ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक फॉर्च्यूनर कार (UP65FX6363) टकरा गई। टक्कर से नाराज फॉर्च्यूनर सवार दो युवकों ने चालक शुभम सिंह के साथ मारपीट की और उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे/वाराणसी की तरफ ले गए।
2 लाख रुपये की मांगी थी फिरौती
आरोपियों ने चालक को बंधक बनाकर उसके परिजनों व नगर निगम कर्मियों को फोन किया और गाड़ी के नुकसान की भरपाई के नाम पर 2 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने की मांग की। पैसे न देने पर चालक को जान से मारने और बनारस ले जाने की धमकी दी जा रही थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पारा पुलिस ने तत्काल बीएनएस की धारा 140(1) के तहत मामला दर्ज (मु0अ0सं0 670/2026) कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अपहृत चालक शुभम सिंह को सकुशल छुड़ाया और दोनों आरोपियों को धर दबोचा। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 140(2), 352 और 115(2) की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उपलब्ध कुमार दुबे उर्फ पीयूष (उम्र 30 वर्ष), निवासी - ग्राम रेही लहनपुर, थाना लालगंज, जनपद मिर्जापुर तथा नित्यानंद सिंह उर्फ गोपाल (उम्र 27 वर्ष), निवासी - ग्राम कोडरिया, थाना चंदौली, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
पारा थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह के नेतृत्व में उप-निरीक्षक ओम प्रकाश तिवारी (चौकी प्रभारी मोहान रोड), उप-निरीक्षक अजय कुमार पटेल, कांस्टेबल अजय कुमार, मनोज कुमार और सत्येंद्र कुमार ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.