सिख सम्मेलन में उठी 9 प्रमुख मांगें, एक माह में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

लखनऊ। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के जन्मदिवस को समर्पित भारतीय सिख संगठन द्वारा मंगलवार को सिख सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के सिख समाज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से 9 प्रमुख मांगें रखी गईं। संगठन ने मांग की कि विस्थापित परिवारों की भूमि व जंगलात की भूमि पर कैबिनेट आदेश में संशोधन कर पात्र परिवारों को न्याय दिया जाए। जाट समाज की तरह जट्ट सिख समाज को भी पिछड़ा वर्ग सूची में शामिल किया जाए और OBC प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया सरल की जाए। मुरादाबाद में 1962 से स्थापित गुरुद्वारा गागन साहिब पर कार्रवाई रोकी जाए और भूमि का पट्टा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के नाम किया जाए। हरिद्वार स्थित गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब के पुनरोद्धार के लिए यूपी सरकार भूमि उपलब्ध कराए। सरकारी स्कूल-कॉलेजों में पंजाबी को वैकल्पिक विषय के रूप में पढ़ाया जाए। प्रतियोगी परीक्षाओं में सिख छात्रों के कड़ा-कृपाण उतरवाने की घटनाएं रोकी जाएं। लखनऊ में भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित की जाए और लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में वाहन से घायल किसानों के परिवारों को लंबित मुआवजा दिया जाए। संगठन ने सरकार से एक माह के भीतर मांगों पर कार्रवाई का अनुरोध किया है, अन्यथा लोकतांत्रिक तरीके से आगे की रणनीति तय करने की चेतावनी दी है। सम्मेलन में राजनीतिक भागीदारी को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार जसबीर सिंह विर्क ने घोषणा की कि संगठन यूपी में पांच विधानसभा सीटों की मांग सक्रिय राजनीतिक दलों के समक्ष रखेगा और सहमति बनने पर उनके चुनाव चिह्न पर प्रत्याशी उतारेगा। सहमति न बनने पर एक माह बाद नई रणनीति तय की जाएगी। मुख्य अतिथि कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव औलख ने आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर समाधान कराया जाएगा और संगठन के हर कार्य में साथ रहेंगे। सरदार दिलप्रीत सिंह डीपी ने भगत सिंह के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को सेवा भाव से काम करने का आह्वान किया। इस दौरान मान सिंह मान, नाज्जर सिंह हरिद्वार, जोधवीर सिंह बिजनौर, कुलविंदर सिंह अमरोहा, गुरदीप सिंह अलीगढ़, डॉ. गुरदीप सिंह गोंडा, अनोख सिंह बाराबंकी, परगट सिंह बहराइच, पाल सिंह लखीमपुर समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.