AHMUP के चुनाव संपन्न, अनुज ठाकुर अध्यक्ष और धनंजय प्रताप सचिव निर्वाचित

लखनऊ। एसोसिएशन ऑफ हॉस्पिटल मैनेजर्स, उत्तर प्रदेश (AHMUP) के चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुए। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से जुड़े हॉस्पिटल मैनेजर्स ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया। मतगणना के बाद चुनाव समिति ने विभिन्न पदों के परिणाम घोषित किए। लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान हुआ और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। अध्यक्ष पद पर अनुज ठाकुर ने 59 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। पुरुष उपाध्यक्ष पद पर डॉ. प्रमोद सिंह 44 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुए। महिला उपाध्यक्ष पद पर डॉ. कोमल शुक्ला और डॉ. दरक्षा परवीन को 33-33 मत मिले। दोनों प्रत्याशियों के बीच मतों की समानता होने के कारण इस पद पर अंतिम निर्णय कोर/सलाहकार समिति द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लिया जाएगा। सचिव पद पर धनंजय प्रताप ने 51 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। वहीं राज वर्मा को 18 और विक्रांत तिवारी को 3 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर मोहित भारती 43 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुए, जबकि इस पद पर 5 मत NOTA के पक्ष में पड़े। चुनाव समिति ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए चुनाव में भाग लेने वाले सभी प्रत्याशियों और सदस्यों का आभार जताया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुज ठाकुर ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे एसोसिएशन की एकजुटता की जीत है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और सदस्य मिलकर उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन को सुदृढ़ करने, मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और हॉस्पिटल मैनेजर्स के हितों एवं अधिकारों के लिए कार्य करेंगे। नवनिर्वाचित सचिव धनंजय प्रताप, चिकित्सालय प्रबंधक, लोक बन्धु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय, लखनऊ ने कहा कि चिकित्सालय प्रबंधन के क्षेत्र में प्राप्त अनुभव का उपयोग AHMUP के विकास और संगठन के उद्देश्यों को पूरा करने में किया जाएगा। उन्होंने संगठन को अधिक सशक्त, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के साथ हॉस्पिटल मैनेजर्स की पेशेवर क्षमता, सम्मान, अधिकारों और हितों के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने प्रदेश के हॉस्पिटल मैनेजर्स के पेशेवर विकास, संगठन की मजबूती और उनके हितों से जुड़े विषयों पर सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.