विधायक कार्यालय के बगल में कैफे में अवैध हुक्का-शराब और मुजरा चलाने का आरोप, केस दर्ज
लखनऊ। भाजपा युवा मोर्चा के निवर्तमान नगर मंत्री ने आशियाना थाना क्षेत्र मे स्थित सरोजनी नगर विधायक कार्यालय के बगल में स्थित एक कैफे में अवैध हुक्का-शराब और मुजरा चलाने का आरोप लगा केस दर्ज कराया है। आलमबाग कोतवाली इलाके के मिल रोड मवईया निवासी शुभम शुक्ला पुत्र मणिकान्त शुक्ला के अनुसार वह 1 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:15 बजे अपने पत्रकार मित्र करण यादव और अश्वनी दीपांकर के साथ कैफे में गए थे। आरोप है कि वहां हुक्का और शराब चल रही थी। वीडियो बनाने पर वहां मौजूद प्रशांत यादव, अभिषेक यादव, अनमोल और आदर्श नाम के युवकों ने फोन छीन लिया, गाली-गलौज की और एक वीडियो डिलीट कर दिया। गोली मारने की धमकी और असलहा दिखाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि उसने रात 9:30 बजे आशियाना थाना प्रभारी को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले कैफे संचालक ताला लगाकर भाग गए। पीड़ित ने दो वीडियो पेन-ड्राइव में सबूत के तौर पर देने की बात कही है। आशियाना थाना प्रभारी गजेन्द्र राय ने बताया युवा मोर्चा के नेता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है, सीसीटीवी फुटेज और तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.