कृष्णानगर दोहरे हत्याकांड में मां-बेटी का बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार

लखनऊ। कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के भोलाखेड़ा में पत्नी और बेटी की हत्या के मामले में शुक्रवार देर शाम दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार कृष्णानगर थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड स्थित बैकुंठ धाम में पुलिस सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ। मां श्यामा दुलारी और बहन पूजा साहू को उनके बेटे विनय ने मुखाग्नि दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। जानकारी के मुताबिक, भोलाखेड़ा निवासी होमगार्ड रविंद्र शंकर ने शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे अपनी पत्नी श्यामा दुलारी और बेटी पूजा साहू की कथित तौर पर डेटा केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी ने डायल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद गुजरात में रहने वाली अपनी बेटी को भी फोन किया और खुद कृष्णानगर थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस की पूछताछ और प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि पूजा की दो शादियां हुई थीं, लेकिन दोनों रिश्ते तलाक के बाद समाप्त हो गए थे। इसके बाद वह अपनी बेटी के साथ पिता के घर पर रह रही थी। पुलिस जांच के अनुसार, पूजा की निजी जिंदगी को लेकर पिता और बेटी के बीच तनाव था। वहीं, पत्नी श्यामा दुलारी द्वारा बेटी का समर्थन किए जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच भी अक्सर विवाद होता था। इसके अलावा, करीब एक साल पहले पत्नी के घर छोड़कर चले जाने और बाद में वापस लौटने से जुड़े विवाद की बात भी सामने आई है। बताया जाता है कि इस प्रकरण में रविंद्र ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इन घटनाओं को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव बना हुआ था। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात रविंद्र शंकर ने अपने बेटे और बहू को दावत पर बुलाया था। उनके जाने के बाद तड़के करीब तीन बजे उसने सो रही पत्नी और बेटी की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद कृष्णानगर पुलिस ने विधिक कार्रवाई के तहत हत्यारोपी होमगार्ड को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच बैकुंठ धाम में मां-बेटी का अंतिम संस्कार किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों तथा घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.