लखनऊ में स्ट्रीट डॉग को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी बंदूक बरामद
लखनऊ। राजधानी के तालकटोरा थाना क्षेत्र में स्ट्रीट डॉग को गोली मारकर मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मुनेश्वरपुरम, बादशाहखेड़ा निवासी संदीप कुमार तिवारी (42) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी डीबीबीएल बंदूक, एक खोखा कारतूस और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को बाइक सवार व्यक्ति ने स्ट्रीट डॉग को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। मामले में AASRA The Helping Hands Trust की चारू खरे और पशु अधिकार कार्यकर्ता अनु बोस ने तालकटोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 6 अक्टूबर को नाइट ड्यूटी से लौटते समय कुत्तों द्वारा पीछा किए जाने पर उसने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी थी, जिससे कुत्ते की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी डीबीबीएल गन, एक खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस और शस्त्र लाइसेंस को नियमानुसार कब्जे में लिया है। मामले में धारा 325 बीएनएस, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 और आयुध अधिनियम की धारा 30 के तहत मुकदमा दर्ज है। तालकटोरा पुलिस ने 11 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.