लखनऊ में भीषण हादसा! JCB और स्कूटर की टक्कर, साली-जीजा की दर्दनाक मौत

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र स्थित मवैया तिराहे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटर सवार पुरुष और महिला की मौत हो गई। JCB और स्कूटर के बीच हुई जोरदार टक्कर में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एम्बुलेंस की मदद से केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद JCB चालक मौके से फरार हो गया, जिससे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में जान गंवाने वाले पुरुष की पहचान शफीकुल हसन (62 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मो. जमीं खान, निवासी पुराना सरदारी खेड़ा, आलमबाग के रूप में हुई है। वहीं, मृतका की पहचान वसीम जहां उर्फ रानी (52 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शफीकुल हसन की साली थीं। हादसे के बाद JCB चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क किया और उसे मौके पर बुलाया। मृतकों के परिजन मो. हलीम खान की ओर से दिए गए लिखित प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। दोनों शवों का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया नियमानुसार जारी है। पुलिस दुर्घटना में शामिल JCB के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ फरार चालक की तलाश में लगी है। मवैया तिराहे पर हुए इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। अब पुलिस की जांच और फरार चालक की गिरफ्तारी पर सबकी निगाहें टिकी हैं। . रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.