ऑटो में छूटा महिला का बैग, कृष्णानगर मिशन शक्ति टीम बनी मददगार; तलाश कर लौटाई खुशियां

लखनऊ। राजधानी के कृष्णानगर कोतवाली की मिशन शक्ति टीम ने तत्परता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए ऑटो में छूटे महिला के बैग को तलाश कर सकुशल उसके सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस सराहनीय पहल से परेशान महिला को राहत मिली और उसने कृष्णानगर पुलिस का आभार व्यक्त किया। कृष्णानगर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक निशा शर्मा ने बताया कि रायबरेली के निराला नगर निवासी गीता वर्मा पत्नी दीपक कुमार शनिवार दोपहर किसी काम से लखनऊ आई थीं। चारबाग से कृष्णानगर तक ऑटो से यात्रा करने के दौरान उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। कुछ समय बाद बैग गायब होने की जानकारी हुई तो महिला परेशान हो गईं। इसके बाद उन्होंने कृष्णानगर कोतवाली पहुंचकर महिला हेल्पडेस्क पर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। महिला की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मिशन शक्ति टीम ने छूटे हुए बैग और संबंधित ऑटो की तलाश के प्रयास किए। पुलिस की सक्रियता से बैग बरामद कर लिया गया और सुरक्षित महिला के सुपुर्द कर दिया गया। अपना बैग वापस पाकर गीता वर्मा ने राहत की सांस ली। उन्होंने मिशन शक्ति टीम के साथ महिला हेल्पडेस्क पर तैनात आरक्षी रीना यादव और लक्ष्मी सिंह सहित कृष्णानगर पुलिस का आभार जताया। पुलिस की इस पहल ने एक बार फिर साबित किया कि मुसीबत के समय तत्परता, संवेदनशीलता और जनसेवा का भाव आमजन के चेहरे पर मुस्कान लौटा सकता है। रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.