मेडिकल कॉलेज चौराहे पर ई-रिक्शा चालक के सीने पर ब्लेड से हमला, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी के मेडिकल कॉलेज चौराहे के पास नशे की शीशी मांगने को लेकर हुए विवाद में ई-रिक्शा चालक पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को वजीरगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि विवाद के दौरान दीपक नामक युवक ने रोहित मिश्रा के सीने पर पेपर कटर ब्लेड से हमला कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पेपर कटर ब्लेड, दो लाइटर और एविल इंजेक्शन की तीन शीशियां बरामद की हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से 18 अक्टूबर को जारी प्रेस नोट के अनुसार, घटना 13 अक्टूबर की रात मेडिकल कॉलेज चौराहे के पास पिंक बूथ के पीछे हुई थी। रोहित मिश्रा अपने दोस्त वैभव शुक्ला के साथ ई-रिक्शा लेकर वहां खड़े थे। इसी दौरान नशे की शीशी मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी विवाद में दीपक ने पेपर कटर ब्लेड से रोहित के सीने पर वार कर दिया। घटना के संबंध में रोहित के भाई श्लोक मिश्रा, निवासी हरिनगर दुगांवा, थाना नाका, लखनऊ की लिखित तहरीर पर वजीरगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 263/2026, धारा 109 भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। *वादी और उसके दोस्त ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा* पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को वादी श्लोक मिश्रा और उनके दोस्त ने आरोपी दीपक को पकड़कर वजीरगंज थाने पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए नियमानुसार उसे हिरासत में लिया। आरोपी दीपक (32) पुत्र फूलचन्द्र, राजाजीपुरम सब्जी मंडी के ई-ब्लॉक, थाना तालकटोरा, लखनऊ का निवासी है। *पूछताछ में विवाद की बात आई सामने* पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज चौराहे पर रोहित और वैभव द्वारा बार-बार नशे की शीशी मांगने और उसके मना करने पर विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने ब्लेड से हमला कर दिया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार प्रजापति, उपनिरीक्षक कपिल सिंह चौधरी, कांस्टेबल गुलशन पाण्डव और कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.