गाली-गलौज का विरोध करने पर युवती की पिटाई, बचाने आए भाई और मां को भी पीटा
लखनऊ। कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के पंडित खेड़ा में गाली-गलौज का विरोध करने पर काम से घर लौट रही एक युवती की कथित तौर पर दबंगों ने पिटाई कर दी। युवती को बचाने पहुंचे उसके भाई और मां के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंडित खेड़ा निवासी राजकुमार पुत्र शिवकुमार के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात करीब 9:35 बजे उसकी बहन संध्या काम से घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में खड़े तीन-चार अज्ञात लोगों ने संध्या के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।
शोर सुनकर राजकुमार, उसका भाई राहुल और मां गुड़िया मौके पर पहुंचे और संध्या को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कृष्णानगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि युवती के भाई की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No Previous Comments found.