डाक विभाग में सरकारी धन के गबन का आरोपी गिरफ्तार, लंबे समय से चल रहा था फरार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में डाक विभाग में तैनाती के दौरान सरकारी और खाताधारकों के धन के कथित गबन के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सरोजनीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रौनक शुक्ला (24) पुत्र अतुल कुमार शुक्ला, निवासी गांधी नगर, तेलीबाग, थाना पीजीआई, लखनऊ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी था।
पुलिस के मुताबिक, 4 अप्रैल 2025 को सहायक अधीक्षक डाकघर पश्चिमी उपमंडल एवं अतिरिक्त प्रभार दक्षिणी उपमंडल, लखनऊ हरिहरनाथ त्रिपाठी ने पुलिस उपायुक्त दक्षिणी को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में शाखा डाकपाल के पद पर नियुक्त रौनक शुक्ला पर सरकारी धन और खाताधारकों की रकम के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया था। इस शिकायत के आधार पर थाना सरोजनीनगर में मुकदमा संख्या 122/25, धारा 316(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। न्यायालय की ओर से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से 22 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सरोजनीनगर राजदेव प्रजापति के नेतृत्व वाली टीम ने गिरफ्तारी की।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.