चलती गाड़ी से 3.50 लाख की दवाओं के 18 बक्से चोरी, बाइक सवारों पर माल पार करने का आरोप

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब चलती गाड़ियों को भी निशाना बनाया जा रहा है। आशियाना थाना क्षेत्र में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने दवाओं की सप्लाई लेकर जा रहे एक वाहन से करीब 3.50 लाख रुपये कीमत की दवाओं के 18 बक्से चोरी कर लिए। घटना की जानकारी माल का मिलान करने पर हुई। पीड़ित चालक की शिकायत पर आशियाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हरदोई के झबरापुरवा निवासी चालक सोनू पुत्र स्वर्गीय दान सिंह के मुताबिक, वह रूद्रा नोवा प्राइवेट लिमिटेड, न्यू सिविल लाइन, पिहानी चुंगी हरदोई से 27 अक्टूबर को वाहन संख्या यूपी-30 एमएन-1048 में कंपनी की दवाएं लादकर लखनऊ सप्लाई के लिए निकला था। दवाओं को विभिन्न इनवॉइस के तहत बक्सों में पैक कर वाहन में लोड किया गया था। आरोप है कि 27 अक्टूबर की शाम करीब 7:45 से 8:30 बजे के बीच आशियाना थाना क्षेत्र स्थित रमाबाई चौराहे से पुल के ऊपर से नीचे के बीच बाइक सवार अज्ञात लोगों ने वाहन में लदे दवाओं के माल को निशाना बनाया और 18 बक्से पार कर दिए। बाद में माल का मिलान करने पर दवाओं के 18 बक्से गायब मिले। कंपनी की स्टॉक शॉर्टेज रिपोर्ट और इनवॉइस के आधार पर चोरी गई दवाओं की कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है। चालक ने मामले की लिखित शिकायत आशियाना थाने में दर्ज कराई। थाना प्रभारी गजेन्द्र राय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.