पत्रकार पर चाकू से हमला, निशाने पर थे संतोष शर्मा, घायल हुए तारिक
सटोरियों के खिलाफ खबर चलाने की कीमत? पत्रकार पर चाकू से हमला, निशाने पर थे संतोष शर्मा, घायल हुए तारिक!
लखनऊ- राजधानी लखनऊ में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नाका थाना क्षेत्र में होटल दीप अवध के पास गुरुवार रात एक पत्रकार पर चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। इस वारदात में पत्रकार तारिक गंभीर रूप से घायल हो गए। शुरुआती उपचार के लिए उन्हें बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। राहत की बात यह है कि अब घायल पत्रकार तारिक की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस पूरी घटना को लेकर दो अलग-अलग पहलू सामने आ रहे हैं। पुलिस की शुरुआती कहानी में वारदात की वजह पैसों का लेन-देन बताया जा रहा है, जबकि पत्रकारों की ओर से सामने आ रही जानकारी में सट्टेबाजों के खिलाफ खबर चलाने को लेकर हमले की आशंका जताई जा रही है।
निशाने पर थे पत्रकार संतोष शर्मा, चाकू का वार तारिक को लगा!
मिली जानकारी के मुताबिक, पत्रकार संतोष शर्मा (JK 24 News) और पत्रकार तारिक साथ थे। बताया जा रहा है कि आमतौर पर मोटरसाइकिल पर तारिक ही गाड़ी चलाते थे, लेकिन घटना वाले दिन संतोष शर्मा गाड़ी चला रहे थे। इसी दौरान हमलावर राजकुमार उर्फ लल्लन अपनी गाड़ी लेकर वहां पहुंचा और पहले संतोष शर्मा की गाड़ी में टक्कर मारी। इसके बाद चाकू से हमला करने का प्रयास किया। आरोप है कि संतोष शर्मा के हट जाने पर बीच-बचाव करने पहुंचे पत्रकार तारिक के पेट के ऊपरी हिस्से में चाकू लग गया।
पत्रकारों की ओर से सामने आए घटनाक्रम में इस हमले को सट्टेबाजों के खिलाफ चलाई गई खबरों से जोड़कर देखा जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि सट्टे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ खबर चलाने की वजह से पत्रकारों को निशाना बनाया गया। हालांकि, इस कथित साजिश और हमले के पीछे सट्टेबाजी से जुड़े लोगों की भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस की कहानी में पैसों का लेन-देन बना विवाद की वजह
वहीं, नाका पुलिस के मीडिया अपडेट के अनुसार, 12 नवंबर की रात करीब 8:35 बजे होटल दीप अवध के पास राजकुमार उर्फ लल्लन और पत्रकार तारिक के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे की हालत में मौके पर पहुंचा और पहले अपनी गाड़ी से पत्रकार संतोष शर्मा की गाड़ी में टक्कर मारी। इसके बाद चाकू से हमला करने का प्रयास किया, लेकिन संतोष शर्मा के हटने पर बीच-बचाव करने आए तारिक को चाकू लग गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकुमार उर्फ लल्लन को घटना में प्रयुक्त चाकू सहित हिरासत में ले लिया। घायल पत्रकार के परिजनों की तहरीर पर हत्या के प्रयास समेत बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और शुक्रवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया।
खतरे से बाहर पत्रकार, लेकिन हमले की असली वजह पर सवाल बरकरार
फिलहाल घायल पत्रकार तारिक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। आरोपी जेल पहुंच चुका है, लेकिन इस वारदात के पीछे की असली वजह को लेकर सवाल अभी भी कायम हैं। क्या यह महज पैसों के लेन-देन का विवाद था या फिर सट्टेबाजों के खिलाफ खबर चलाने की वजह से पत्रकारों को निशाना बनाया गया? इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
पत्रकारों पर इस तरह के हमले न केवल उनकी सुरक्षा, बल्कि स्वतंत्र पत्रकारिता और सच सामने लाने के अधिकार से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करते हैं। अब देखना होगा कि पुलिस विवेचना में हमले की असली वजह और सट्टेबाजी से जुड़े कथित एंगल की क्या सच्चाई सामने आती है।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.