एटीएम में कार्ड फंसते ही खाते से उड़ गए 65 हजार रुपये! महिला खाताधारक के साथ साइबर ठगी, सवा महीने तक चौकी के चक्कर कटवाती रही पुलिस
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एटीएम से पैसे निकालने पहुंची एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। एटीएम मशीन में कार्ड फंसने के कुछ ही देर बाद महिला के बैंक खाते से दो बार में 20 हजार रुपये और पीओएस मशीन के जरिए 45 हजार रुपये निकाल लिए गए। कुल 65 हजार रुपये की रकम खाते से निकलने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया। आखिरकार पीड़िता की शिकायत पर एसीपी कैंट के आदेश के बाद घटना के करीब सवा महीने बाद रविवार देर शाम आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। एलडीए कॉलोनी सेक्टर-एल निवासी शशिकला यादव पुत्री स्वर्गीय केदार राम यादव के मुताबिक, उनका खाता आशियाना स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में है। बीते 10 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे वह एटीएम से रुपये निकालने पहुंचीं। मशीन में एटीएम कार्ड डालकर पिन दर्ज करने पर गलत पिन का संदेश आया और कार्ड मशीन में ही फंस गया। काफी प्रयास के बाद कार्ड नहीं निकला तो उन्होंने कैंसिल बटन दबाकर ट्रांजेक्शन रद्द कर दिया। इसके बाद एटीएम कक्ष में लिखे हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया, जहां उन्हें बताया गया कि मशीन खोलने वाली टीम कार्ड निकालकर बैंक के माध्यम से उन्हें सूचित करेगी।
पीड़िता का आरोप है कि एटीएम से निकलकर आगे बढ़ते ही उनके मोबाइल पर दो बार में 20 हजार रुपये खाते से निकलने के मैसेज आ गए। कस्टमर केयर से संपर्क करने पर जानकारी हुई कि पीओएस मशीन के जरिए भी उनके खाते से 45 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया है। इस तरह उनके खाते से कुल 65 हजार रुपये निकाल लिए गए।
पीड़िता ने साइबर सेल और आशियाना थाने में शिकायत की, लेकिन आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने प्रार्थना पत्र लेकर उन्हें बिजली-पासी किला पुलिस चौकी भेज दिया। 11 अक्टूबर से लगातार जांच के नाम पर उन्हें चौकी के चक्कर कटवाए जाते रहे, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पुलिस के रवैये से परेशान होकर पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद एसीपी कैंट के आदेश पर रविवार देर शाम मुकदमा दर्ज किया गया।
आशियाना थाना प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर एसीपी कैंट के आदेश से मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.