बालिकाओं ने दिया संवैधानिक अधिकारों का संदेश

मिशन शक्ति 6.0 : नौ देवियों के स्वरूप में बालिकाओं ने दिया संवैधानिक अधिकारों का संदेश, कन्या पूजन कर किया सम्मानित 

 लखनऊ -मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं स्वावलंबन का संदेश देने के उद्देश्य से वन स्टॉप सेंटर यूनिट-1, लोकबंधु अस्पताल परिसर में कन्या पूजन का विशेष समारोह आयोजित किया गया। 19 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी के निर्देशानुसार एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नौ बालिकाओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के रूप में प्रस्तुत कर उनके माध्यम से समाज को महत्वपूर्ण संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मां शैलपुत्री के स्वरूप में बालिका ने समानता का अधिकार, मां ब्रह्मचारिणी के स्वरूप में स्वतंत्रता का अधिकार और मां चंद्रघंटा के स्वरूप में शोषण के विरुद्ध अधिकार का संदेश दिया। वहीं मां कूष्मांडा के स्वरूप में धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार, मां स्कंदमाता के स्वरूप में संस्कृति एवं शिक्षा संबंधी अधिकार और मां कात्यायनी के स्वरूप में संवैधानिक उपचारों के अधिकार के प्रति जागरूक किया गया।

इसी क्रम में मां कालरात्रि के स्वरूप में बालिका ने शिक्षा, मां महागौरी के स्वरूप में सुरक्षा और मां सिद्धिदात्री के स्वरूप में स्वावलंबन का संदेश देकर बालिकाओं के अधिकारों और सशक्त भविष्य का महत्व बताया।

समारोह के दौरान विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया। साथ ही सभी बालिकाओं को संदेशपरक पुस्तक, टिफिन, पानी की बोतल, बॉक्स, पेंसिल, रबर सहित अन्य उपयोगी शैक्षणिक सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में बेटियों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करना रहा।


 रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.