बेटी की शादी के लिए पांच साल से संजोए जेवरात पर चोरों का डाका, मंदिर में सो रहे पुजारी के सिरहाने से चाबी निकाल उड़ाया संदूक
लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के हीरालाल नगर स्थित शिव मंदिर में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। मंदिर परिसर में सो रहे पुजारी के भाई के सिरहाने से चाबी निकालकर चोर कमरे का ताला खोल ले गए और अंदर रखा लकड़ी का संदूक ही उठा ले गए। संदूक में पिछले पांच वर्षों से दान में मिले सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रखी थी, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। चोरी हुए जेवरात पुजारी ने अपनी बेटी की शादी के लिए संजोकर रखे थे।
हीरालाल नगर निवासी कमलेश पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय हरिमोहन पाण्डेय के मुताबिक वह शिव मंदिर और आसपास के क्षेत्र में पूजा-पाठ कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मंदिर में उनका छोटा भाई शत्रुघ्न पाण्डेय और मां कृष्णा देवी भी रहती हैं। 21 नवंबर को परिवार के एक सदस्य का निधन होने के चलते उनकी मां पैतृक गांव चली गई थीं। वहीं, वह दसवां और तेरहवीं संस्कार के लिए प्रतापगढ़ स्थित अपने पैतृक गांव बुलाकीपुर गए हुए थे।
पीड़ित के मुताबिक 23 और 24 नवंबर की दरमियानी रात उनका भाई शत्रुघ्न करीब 12:30 बजे मंदिर की साफ-सफाई करने के बाद सो गया। इसी दौरान अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुस आए और उसके सिरहाने रखी चाबी निकालकर कमरे का ताला खोल लिया। इसके बाद चोर लकड़ी का संदूक लेकर फरार हो गए। संदूक में सोने की तीन अंगूठियां, पाजेब, पायल, सोने-चांदी के सिक्के और नकदी रखी थी। पीड़ित ने बताया कि यह पूरी जमा पूंजी उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए सुरक्षित रखी थी।
पीड़ित के मुताबिक 25 नवंबर को पड़ोसी ओमप्रकाश शर्मा ने मोबाइल फोन के जरिए उन्हें चोरी की जानकारी दी। इसके बाद 26 नवंबर को उन्होंने सरोजनीनगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार पाण्डेय को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुटी है।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.