प्लॉट पर निर्माण को लेकर खूनी विवाद, विरोध करने पर साले को मारी गोली; चार दिन बाद आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के कटरा बक्कास में प्लॉट की जमीन पर निर्माण को लेकर हुए विवाद में युवक को गोली मारकर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल .45 बोर की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर को मो. फारूख अपने साले मो. नईम और जितेंद्र यादव के साथ कटरा बक्कास स्थित अपने प्लॉट पर गए थे। वहां सरदार सुखमिंदर सिंह दो मजदूरों से प्लॉट से सटे हिस्से में निर्माण कार्य करा रहा था। इस पर फारूख ने जमीन की पैमाइश और सीमांकन कराने के बाद ही निर्माण कराने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि सुखमिंदर सिंह ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी कमर से पिस्टल निकाली और मो. नईम को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगने से नईम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने फारूख की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की थीं। तकनीकी सर्विलांस, मैनुअल सूचना और स्थानीय मुखबिर तंत्र की मदद से शुक्रवार 27 नवंबर को पुलिस ने आरोपी सुखमिंदर सिंह (36) पुत्र दीप सिंह उर्फ गुरुदीप सिंह निवासी पवनपुरी, थाना आलमबाग को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने निर्माण कार्य रोकने को लेकर हुए विवाद के बाद मो. नईम पर इसी पिस्टल से फायरिंग करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 30 भी बढ़ाई है। विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.