भंडरा मिडिल स्कूल में मनचलों का तांडव: प्रिंसिपल ऑफिस और स्टोर रूम के दरवाजे तोड़े
भंडरा/लोहरदगा : जिले के भंडरा प्रखंड स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय में बुधवार की रात अज्ञात मनचलों ने जमकर उत्पात मचाया। असामाजिक तत्वों ने स्कूल के प्रिंसिपल ऑफिस और दिव्यांग स्टोर रूम के लकड़ी के दरवाजे और ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे एक बच्ची ने स्थानीय ग्रामीण यूसुफ आलम को जानकारी दी कि स्कूल के दरवाजे टूटे हुए हैं। इसके तुरंत बाद यूसुफ आलम ने विद्यालय समिति के अध्यक्ष फिरोज अंसारी को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर रविकांत गुप्ता और एएसआई रामदेव राय दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान थाना प्रभारी ने मनोज कुमार गुप्ता ने दूरभाष पर स्कूल की प्रिंसिपल मनोरमा एक्का को घटना की जानकारी दी। प्रिंसिपल ने बताया कि वर्तमान में क्रिसमस की छुट्टियों के कारण स्कूल बंद है। उन्होंने कहा कि ऑफिस में महत्वपूर्ण कागजात के अलावा कोई बहुत कीमती सामान तो नहीं था, लेकिन वास्तविक स्थिति का पता स्कूल जाकर जायजा लेने के बाद ही चल पाएगा कि क्या कुछ चोरी हुआ है।
नशेड़ियों का सुरक्षित चारागाह बना स्कूल
स्कूल समिति के अध्यक्ष फिरोज अंसारी और स्थानीय ग्रामीण यूसुफ आलम, तैयब खान, मकबूल अंसारी एवं अन्य ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि छुट्टी के बाद स्कूल परिसर नशेड़ियों और जुआरियों का अड्डा बन जाता है। देर शाम तक असामाजिक तत्व यहां घूमते रहते हैं जिससे स्कूल की संपत्ति को हमेशा खतरा बना रहता है। सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की हरकतें निंदनीय हैं। मौके पर पहुंचे एसआई रविकांत ने आशंका जताई है कि नशे की हालत में ही मनचलों ने इस तोड़फोड़ को अंजाम दिया होगा। शुरुआती जांच में किसी बड़े सामान के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने कहा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। स्कूल की संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वाले बदमाशों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और स्कूल की प्रिंसिपल ने पुलिस प्रशासन को आवेदन देकर मांग की है कि स्कूल की सुरक्षा के लिए जल्द से जल्द बाउंड्री वॉल (घेराबंदी) का निर्माण कराया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
रिपोर्टर :निहाल

No Previous Comments found.