ऑनर एसोसिएशन के पदाधिकारी पर हमला कार्रवाई की मांग
लोहरदगा – गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के एक पदाधिकारी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद ट्रक मालिकों में भारी आक्रोश है और एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष अभय कुमार सिंह पर 23 दिसंबर को साइडिंग,बाबा मठ मोड़ के पास जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि काजू कुरैशी,इरशाद अहमद,गोल्डन कुरैशी, आसिफ अहमद समेत अन्य लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव से उनकी जान बच सकी,नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के संबंध में लोहरदगा सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी हमलावरों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए। एसोसिएशन के संरक्षक सह पूर्व राज्यसभा सांसद माननीय धीरज प्रसाद साहू को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई है। एसोसिएशन का आरोप है कि संगठन के गठन के बाद से हिंडाल्को कंपनी के एक कर्मचारी और उसके सहयोगी गुट बनाकर लगातार गुंडागर्दी कर रहे हैं। इनमें कई ऐसे लोग शामिल हैं जो ट्रक मालिक भी नहीं हैं।
एसोसिएशन ने बताया कि सितंबर महीने में पतरा टोली की बैठक के दौरान भी हमला किया गया था। दो दिन पहले सहसचिव को लाठी दिखाकर धमकाया गया और अब कोषाध्यक्ष पर जानलेवा हमला किया गया है एसोसिएशन का साफ कहना है कि निजी स्वार्थ के लिए की जा रही इस तरह की गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही आरोप लगाया गया है कि हमलावरों द्वारा निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने की कोशिश भी की जा रही है। इस पूरे मामले को लेकर कल माननीय संरक्षक धीरज प्रसाद साहू के आवास पर एसोसिएशन की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें गुरूदारी, सेरेगदाग, भैंस बथान, अमतीपानी, न्यू अमतीपानी, कुजाम और विमरला क्षेत्र के सभी ट्रक मालिकों को आमंत्रित किया गया है। इसी बैठक में आगे की रणनीति की घोषणा की जाएगी। एसोसिएशन ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।
रिपोर्टर - नेहाल अहमद

No Previous Comments found.