लोहरदगा गुमला ट्रक ओनर एसोसिएशन पर गंभीर आरोप

लोहरदगा : झारखंड पठारी चंदवा ट्रक ओनर एसोसिएशन की संचालन समिति के नेता इस्लाम अंसारी ने एक प्रेस बयान जारी कर लोहरदगा–गुमला ट्रक ओनर एसोसिएशन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उक्त एसोसिएशन द्वारा ट्रक मालिकों के साथ लगातार भेदभाव और शोषण किया जा रहा है, जिससे ट्रक मालिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस्लाम अंसारी ने आरोप लगाते हुए कहां  कि बीते दिनों तीन से चार ट्रक मालिकों के ट्रकों को अनलोडिंग पॉइंट पर बिना किसी ठोस कारण के रोका गया, और ट्रक मालिकों को जबरन माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया। इतना ही नहीं, दो ट्रकों को परचेज माइंस में करीब 15 दिनों तक लोड नहीं करने दिया गया, जिससे संबंधित ट्रक मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

उन्होंने आगे कहा कि विगत वर्ष जब उनके द्वारा बिमरला माइंस को जनहित की मांगों को लेकर बंद किया गया था, तब यही लोहरदगा–गुमला ट्रक ओनर एसोसिएशन आंदोलन का विरोध कर रहा था और यह तर्क दिया गया था कि इससे ट्रक मालिकों को नुकसान हो रहा है। लेकिन कुछ ही दिनों बाद, उसी एसोसिएशन ने अपने निजी स्वार्थ में बिमरला माइंस को पहले 18 दिनों तक और फिर 12 दिनों तक बंद कराया।
इस बंदी का ट्रक मालिकों की मांगों से कोई लेना-देना नहीं था, बल्कि हिंडाल्को में ठेकेदारी हासिल करने के उद्देश्य से ट्रक मालिकों को गुमराह किया गया। कुल मिलाकर बिमरला माइंस को लगभग एक महीने तक बंद रखा गया, जिसके पीछे का वास्तविक कारण आज तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।इस्लाम अंसारी ने कहा कि लोहरदगा–गुमला ट्रक ओनर एसोसिएशन की भेदभावपूर्ण नीतियों का कड़ा विरोध किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि उक्त एसोसिएशन द्वारा कोई भी आंदोलन किया गया तो उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा और उसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर सीधी कार्रवाई से भी परहेज नहीं किया जाएगा।
बयान के बाद ट्रक मालिकों के बीच इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है, और आने वाले दिनों में मामला और तूल पकड़ सकता है।

रिपोर्टर : नेहल अहमद 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.