सामुदायिक पुलिसिंग के तहत बगड़ू क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित
लोहरदगा : लोहरदगा ज़िले के बगड़ू थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की ओर से एक सराहनीय और मानवीय पहल देखने को मिली। बगड़ू थाना क्षेत्र के कोरगो सहित आसपास के अन्य इलाकों में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लोहरदगा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किस्को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वेदांत शंकर के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान सैकड़ों जरूरतमंद, गरीब एवं असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। कंबल पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वेदांत शंकर ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब और असहाय लोगों की सहायता करना पुलिस का सामाजिक दायित्व है। सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
स्थानीय लोगों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं पुलिस प्रशासन ने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान बगड़ू थाना प्रभारी दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए।
रिपोर्टर : निहाल अहमद


No Previous Comments found.