किस्को में सवारी पिकअप पलटने से बड़ा सड़क हादसा, एक दर्जन से अधिक घायल दो की स्थिति गंभीर, वाहन चालक मौके से फरार
लोहरदगा : जिले के किस्को थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। किस्को रिचूघूट्टा मुख्य मार्ग पर मसूरियाखाड़ के समीप एक सवारी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में कम से कम एक दर्जन लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जिनमें महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं।घायलों की पहचान जोबांग थाना क्षेत्र के तलसा निवासी मार्शल बरला (25), बहाबार निवासी बिरसा टोपनो (18) एवं मंगरा टोपनो (28), उलदाग निवासी एडलिन गुड़िया (43), खड़िया निवासी लीलावती देवी (35) के अलावा दो मासूम बच्चे रवि (6 वर्ष) और मनीष सिंह (12 वर्ष) के रूप में की गई है। अन्य घायलों का इलाज भी जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सवारी पिकअप वाहन शनिवार को दोपहर करीब 3 बजे किस्को से यात्रियों को लेकर रिचूघूट्टा की ओर जा रही थी। इसी दौरान मसूरियाखाड़ के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
घटना के बाद नारी ग्राम निवासी सदाम अंसारी की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए किस्को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अशोक औडेया एवं डॉक्टर साजिदुल्लाह ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में शामिल पिकअप वाहन का नंबर जेएच 01 एन 5208 बताया जा रहा है। वाहन चालक जोहन टोपनो, निवासी बहाबार, घटना के बाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर किस्को के अंचल अधिकारी अजय कुमार एवं अंचल निरीक्षक मनीष चंद उरांव स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहीं किस्को थाना पुलिस घायलों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वैन में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं। साथ ही चालक के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पहाड़ी इलाकों में बिना परमिट, पुराने और बिना आवश्यक दस्तावेजों के पिकअप वाहन धड़ल्ले से चलाए जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से अवैध रूप से चल रहे सवारी पिकअप वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
रिपोर्टर : नेहाल अहमद


No Previous Comments found.