श्रमदान से हटाया गया जर्जर विद्यालय भवन
लोहरदगा - जिला अंतर्गत सेन्हा प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय झाल जमीरा में जर्जर हो चुके पुराने भवन को श्रमदान के माध्यम से हटाया गया। विद्यालय का यह भवन काफी पुराना और जर्जर अवस्था में था, जो कभी भी गिर सकता था और इससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। विद्यालय के शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन समिति और ग्रामीणों के बीच विचार-विमर्श के बाद भवन को हटाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद ग्रामवासियों ने एकजुट होकर श्रमदान किया और पुराने भवन को हटाने का कार्य शुरू किया।
शिक्षकों ने बताया कि भवन की हालत बेहद खराब हो चुकी थी और छात्रों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई थी। समय रहते इसे हटाना जरूरी था, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। ग्रामवासियों के इस सामूहिक प्रयास की सराहना की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए वे आगे भी हर संभव सहयोग करते रहेंगे।
रिपोर्टर - सत्यम कुमार


No Previous Comments found.